ई-रिक्शा लूटने वाले पांच बदमाश गिरफ्तार
हापुड़। पुलिस और एसओजी टीम ने कोल्ड ड्रिंक में नशीला गोलियां पिलाकर ई-रिक्शा लूटने के मामले का खुलासा किया है। बुकिंग करने के बाद आरोपी रिक्शे को सुनसान स्थान पर ले जाते थे और लूट लेते थे। पुलिस ने सरगना सहित पांच शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से पांच ई-रिक्शा, 10 हजार रुपये, अवैध हथियार, नशीली गोलियां और मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी दीपक भूकर ने बताया कि बुधवार को देहात थाना पुलिस और एसओजी की टीम को सूचना मिली कि जहरखुरानी गिरोह के कुछ सदस्य किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। पुलिस ने किठौर रोड से पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया। दो दिन पहले ही आरोपियों ने किठौर रोड पर एक ई-रिक्शा को लूट लिया था।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि ई-रिक्शा को सामान ले जाने के लिए बुक करते थे। जिसके बाद गैंग के सभी सदस्य ई-रिक्शा में सवार हो जाते थे। रास्ते में कहीं सुनसान स्थान पर कोल्ड ड्रिंक पीने के बहाने नशीली गोलियां चालक को पिला देते थे। उसके बाद ई-रिक्शा, चालक का मोबाइल, नकदी आदि लूटकर फरार हो जाते थे। इसके बाद पुरानी ई-रिक्शा को 30 से 40 हजार रुपये में बेच दिया जाता था।
गिरफ्तार आरोपी जिला गाजियाबाद के थाना लोनी के प्रेमनागर निवासी यासीन, जनपद मेरठ के थाना नौचंदी और हाल निवासी गोकुलपुरी दिल्ली के रहने वाले दानिश, समीर, थाना उस्मानपुर के जगजीत नगर दिल्ली निवासी भूरा उर्फ रियासत और मोहल्ला शहीदनगर थाना साहिबाद जिला गाजियाबाद निवासी सादीकीन है। इस गैंग का सरगना यासीन है। आरोपियों के पास से लूटी गई 05 ई-रिक्शा, 09 मोबाइल फोन, 10 हजार रुपये की नकदी, 39 नशीली गोलियां, तीन तमंचे और तीन कारतूस बरामद किए हैं।
---
एनसीआर क्षेत्रों से लूटी गई थी ई-रिक्शा
लुटेरों ने यह ई-रिक्शा एनसीआर क्षेत्र से लूटी थी। इनमें से तीन मेरठ और दो हापुड़ से लूटी गई थी। गैंग का सरगना गाजियाबाद के लोनी निवासी यासीन है। पांच महीने पहले यह गिरोह सक्रिय हुआ था।