बनखंडा भट्ठे के पास किसान से लूट की कोशिश
हापुड़। गेहूं बेचकर ट्रैक्टर से अपने साथी के साथ गांव लौट रहे किसान से बाइक सवार तीन बदमाशों ने स्याना रोड पर बनखंडा भट्टे के पास लूट की कोशिश की। ट्रैक्टर नहीं रोकने पर बदमाशों ने गोली चला दी। जिससे गोली का छर्रा किसान के हाथ में लगा, जिससे किसान घायल हो गया। इसके बाद बदमाश फरार हो गए। पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही है।
बुलंदशहर जिले के गांव चितसोना निवासी मानवेंद्र सिंह उर्फ चिंपू अपने गांव के ही साथी धर्मेंद्र के साथ हापुड़ स्थित नवीन मंडी में गेहूं बेचने आया था। शाम के समय दोनों गेहूं बेचने के बाद खाली ट्रैक्टर-ट्राली लेकर गांव लौट रहे थे। इनके पास गेहूं बेचने के बाद रकम मौजूद थी। मानवेंद्र के अनुसार जैसे ही ट्रैक्टर कुचेसर रोड चौपले से स्याना रोड होता हुआ बनखंडा भट्टे के पास पहुंचा तो बाइक पर सवार होकर आए तीन नकाबपोश बदमाशों ने तमंचे के बल पर ट्रैक्टर को रुकवाने का प्रयास किया, लेकिन मानवेंद्र ने ट्रैक्टर नहीं रोका। जिसके बाद बदमाशों ने दोनों किसानों पर गोली चला दी। गोली का एक छर्रा मानवेंद्र के हाथ में लगा, जिससे वह घायल हो गया। घायल होने के बावजूद किसान ने ट्रैक्टर की रफ्तार बनखंडा गांव की ओर बढ़ा दी। जिससे बदमाशों के हौंसले पस्त हो गए और वे फरार हो गए। गांव में जाकर किसान ने ग्रामीणों को मामले की जानकारी दी। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की तलाश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। किसान से पूछताछ के आधार पर पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी थी।
सीओ सिटी एसएन वैभव पांडेय ने बताया कि आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, किसान से भी पूछताछ की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।