श्यामपुर गांव में दबंगों ने युवक पर की फायरिंग
हापुड़। गांव श्यामपुर में बुधवार देर शाम 6 बाइकों पर सवार होकर पहुंचे करीब दस युवकों ने एक युवक पर फायरिंग। हमलावरों के खिलाफ लामबंद हुए ग्रामीणों ने घेराबंदी करते हुए दो युवकों को दबोच लिया और धुनाई के बाद पुलिस को सौंप दिया। दोनों पक्षों में काफी दिनों से रंजिश चली आ रही है, जिसके तहत घटना को अंजाम दिया गया।
गांव श्यामपुर निवासी सतेंद्र ने बताया कि मेरठ थाना क्षेत्र के गांव अटौला निवासी कुछ युवकों से उनका वॉलीबॉल खेलने के दौरान विवाद हो गया था। 12 अप्रैल को उसका सगा भाई चमन सिंह व चचेरा भाई रविंद्र के साथ कार में सवार होकर बहन की शादी का कार्ड देने गांव अटौला में गए थे। वहां परमजीत, दीपक, अंकित व उनके छह अज्ञात साथियों ने उनकी कार को रोककर दोनों के साथ मारपीट की थी और दो लाख रुपये नगद लूटकर फरार हो गए थे। इस मामले में मुड़ाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। इसी बात का लेकर बुधवार देर शाम छह बाइकों पर सवार होकर थाना देहात क्षेत्र के गांव असरा निवासी आकाश, थाना मुंडाली क्षेत्र के गांव अटौला निवासी शिवम उर्फ बलवान, दीपक, अंकित, आकाश, खुशविंद्र व अभिषेक श्यामपुर गांव पहुंचे। इससे पहले इन लोगों ने बाकायदा फोन कर गांव पहुंचने का ऐलान भी किया था। दबंगों ने पहले पीड़ित को घर के बाहर बुलाया और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान करीब दस राउंड फायरिंग की गई। जान बचाने के लिए परिवार के लोगों ने घर में घुसकर जान बचाई।
दहशत के बाद ग्रामीणों ने बोला हल्ला
ग्रामीणों ने हमलावरों के खिलाफ हल्ला बोल दिया। ग्रामीण को देख बदमाशों ने फरार होने का प्रयास किया, लेकिन आकाश व शिवम उर्फ बलवान को दबोच लिया गया। इनकी जमकर धुनाई के बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सौंप दिया। इनके पास से दो बाइक व तमंचा बरामद हुआ है।
थाना देहात प्रभारी निरीक्षक उत्तम सिंह राठौर ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर आठ नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। बाकी को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।