सपा के अल्पसंख्यक जिलाध्यक्ष समेत चार पर मुकदमा
गढ़मुक्तेश्वर। कोतवाली क्षेत्र में बस परिचालक को अपने कार्यालय में बंधक बनाकर पीटने और गोली मारने की धमकी देने के मामले में सपा के अल्पसंख्यक जिलाध्यक्ष समेत चार आरोपियों पर मुकदमा दर्ज हुआ है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
सिंभावली क्षेत्र के गांव वैठ निवासी फुरकान ने बताया कि उसका बेटा रिजवान गढ़-स्याना रुट पर चलने वाली एक प्राइवेट बस पर परिचालक है। 22 अप्रैल को रिजवान स्याना रोड पर एक डग पर बस की धुलाई करा रहा था, इसी बीच सपा अल्पसंख्यक जिलाध्यक्ष फुरकान और उसका भाई इमरान निवासी गांव बदरखा उसके पास पहुंचे और जबरदस्ती बस को स्याना चौपाला के पास अपने कार्यालय पर ले जाने का दबाव बनाने लगा, विरोध करने पर आरोपियों ने रिजवान को पीटा और जबरन बस और रिजवान को स्याना चौपला के पास बने अपने कार्यालय पर ले गए। पीड़ित का आरोप है कि फुरकान और इमरान ने अपने दो साथियों की मदद से उसके बेटे को बंधक बना लिया और लाठी-डंडों से पिटाई की। इतना ही नहीं फुरकान से पिस्टल तानकर उसे जान से मारने की धमकी भी दी। चार घंटे बाद आरोपियों के उसके बेटे को बंधनमुक्त किया। सीओ पवन कुमार का कहना है कि चारों आरोपियों के खिलाफ बंधक बनाकर मारपीट के मामले में रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है। संवाद