धन दोगुना करने का लालच देकर 13 लाख ठगे
गढ़मुक्तेश्वर। निजी फाइनेंस कंपनी में निवेश कराकर 18 माह में धन दोगुना करने का झांसा देकर युवक और उसके रिश्तेदार से 13 लाख रुपये ठग लिए। पुलिस द्वारा कार्रवाई न होने पर पीड़ित ने सीएम को पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की है। बता दें कि आरोपी पहले ही करोड़ों की ठगी के मामले में जेल में बंद हैं, वहीं पुलिस ने आरोपियों की संपत्ति भी जब्त की है।
मोहल्ला उपाध्याय नगर निवासी सचिन रावल ने बुधवार को सीएम योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजा है। सचिन ने बताया कि वर्ष 2016 में उसकी मुलाकात बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव चांदनेर निवासी अशोक चौहान से हुई थी, जिसने बताया कि वह अपने पार्टनरों के साथ मिलकर निफ्टेक ग्लोबल के नाम से एक कंपनी का संचालन करता है, जिसमें पैसा निवेश करने पर कंपनी 18 माह में धन दोगुना करके देती है। आरोपी की बातों में आकर पिता की सेवानिवृत्ति के बाद मिले फंड में से ढाई लाख रुपये कंपनी में निवेश कर दिए। जिसके बाद आरोपी ने 4 प्रतिशत मासिक ब्याज का भी लालच दिया। पीड़ित ने बताया कि उसने और उसके एक रिश्तेदार ने निफ्टेक ग्लोबल में 13 लाख रुपये निवेश कर दिए। लॉकडाउन के दौरान सैकड़ों लोगों का करोड़ों रुपया लेकर आरोपी और उसके सहयोगी भाग निकले। इस संबंध में उसने कई बार बहादुरगढ़ थाने में तहरीर दी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो सकी। पीड़ित ने सीएम से मामले की जांच कराकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और उसकी धनराशि वापस दिलाए जाने की मांग की है।
सीओ पवन कुमार का कहना है कि अशोक चौहान और उसके साथियों के खिलाफ दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं। अक्तूबर 2021 में पुलिस राजस्थान से सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इसके अलावा कंपनी और कंपनी संचालकों की करोड़ों रुपये की संपत्ति भी जब्त की चुकी है। सभी मामलों में जांच की जा रही है। संवाद