गढ़ में अपने आवास पर समर्थकों के साथ बैठक करते पूर्व मंत्री मदन चौहान।
- फोटो : GARH
मेरा टिकट कटना गढ़ की जनता से धोखा - मदन चौहान
गढ़मुक्तेश्वर। तीन बार समाजवादी पार्टी से विधायक और ढाई साल मंत्री रहे मदन चौहान का टिकट कटने पर समर्थकों ने रोष जताया। वहीं समर्थकों से बातचीत के दौरान पूर्व विधायक भी भावुक हो गए।
गढ़ विधानसभा सीट पर वर्ष 2002 से लेकर 2017 तक लगातार समाजवादी पार्टी से विधायक और 2015 से 2017 तक सपा सरकार में मनोरंजन कर मंत्री रहे मदन चौहान को सपा-रालोद गठबंधन का प्रत्याशी तय माना जा रहा था। लेकिन पिछले तीन दिनों से उनके टिकट कटने की चर्चा होने लगी। मंगलवार को सपा हाईकमान की तरफ से नैना सिंह को गठबंधन प्रत्याशी घोषित कर दिया गया। टिकट कटने की सूचना मिलने पर मदन चौहान के समर्थक उनके आवास पर पहुंच गए। इस दौरान पूर्व मंत्री के आंखों से आंसू निकल आए, जिनको देख समर्थक भी भावुक हो उठे। मदन चौहान ने कहा कि 25 साल विधानसभा की जनता के बीच रहकर लोगों के साथ रहा, लेकिन अंत में एक अनजान व्यक्ति को हाईकमान द्वारा टिकट दिए जाने से काफी ठेस पहुंची है। इस दौरान उन्होंने कहा कि उनका टिकट न होना गढ़ विधानसभा क्षेत्र की जनता के साथ धोखा है। वहीं बैठक में मौजूद समर्थकों ने भी रोष जताया। इस मौके पर बोबी त्यागी, विनोद कनौर, दिनेश नानपुर, रुपेश पंडित, शहजाद चौधरी, नसीम मास्टर, राजू पधान, कामिल खां, अमृत चौहान, इकबाल चौधरी, फारुक चौधरी, शमशाद अली, परवेज चौधरी, रामोतार गुप्ता समेत सैकड़ों समर्थक मौजूद रहे। संवाद