पीएम की सुरक्षा में चूक पर भाजपाइयों में रोष
गढ़मुक्तेश्वर। पंजाब के फिरोजपुर में पीएम नरेंद्र मोदी का काफिला रोके जाने और सुरक्षा में चूक के विरोध में भाजपा युवा मोर्चा ने गढ़ नगर में मशाल जुलूस निकाला। भाजपाइयों ने पंजाब सरकार को बर्खास्त करने की मांग की।
बृहस्पतिवार की रात भाजयुमो जिलाध्यक्ष दीपक भाटी के नेतृत्व में मशाल जुलूस का आयोजन किया गया, जो सुभाष गेट से आरंभ होकर मुख्य बाजार होते हुए मीरा रेती शिव मंदिर पर समाप्त हुआ। इस मौके पर जिलाध्यक्ष दीपक भाटी ने कहा कि बुधवार को पीएम नरेंद्र मोदी पंजाब में एक रैली को संबोधित करने के लिए जा रहे थे, लेकिन पंजाब सरकार ने पूर्व नियोजित साजिश के तहत उनके काफिले को रोका और पीएम की सुरक्षा में बहुत बड़ी चूक रही। जिस राज्य का सीएम देश के प्रधानमंत्री को सही ढंग से सुरक्षा व्यवस्था नहीं दे पाया, वह पंजाब की जनता को किस तरह सुरक्षा दे सकता है। भाजपाइयों ने तत्काल पंजाब सरकार को बर्खास्त करने की मांग की। वहीं भाजपा नगराध्यक्ष अंकुर त्यागी ने कहटा कि पीएम के साथ पंजाब में जो हुआ है, उसके लिए कांग्रेस पार्टी, सोनिया गांधी और राहुल गांधी को देश से माफी मांगनी चाहिए। इस मौके पर भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष अंकुर चौधरी, अंशुल सिंह, रोहित मल्होत्रा, दीपेंद्र कुमार, टिंकू शर्मा, शोभित ठाकुर, रिंकू शुक्ला, शिव कुमार गौतम, योगेंद्र राजपूत, दीपक वर्मा, डॉ. हर्षवर्धन शर्मा, रामौता राजोरा, दीपक गौड़, डॉ. अमित चौहान, जयवर्धन शर्मा, घनश्याम, संदीप निषाद, योगेश वर्मा, वरदान शर्मा समेत अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।