पेड़ पर फंदे से लटका मिला युवक का शव
गढ़मुक्तेश्वर। दौताई गांव में लापता युवक का शव झड़ीना नहर पटरी के पास जंगल में पेड़ पर फंदे से लटका मिला।
सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया, परिजनों के मना करने पर भी पुलिस ने परिजनों को समझाते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं परिजनों ने बिना किसी कार्रवाई के मृतक को सुपुर्दे खाक कर दिया है।
गढ़ कोतवाली क्षेत्र के गांव दौताई निवासी गजंफर (35) बुधवार की दोपहर घर से पशुओं के लिए चारा लेने के लिए निकला था। जो शाम होने तक भी घर नहीं लौटा। जिसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश करनी शुरू कर दी। परिजनों ने बताया कि बृहस्पतिवार की सुबह झड़ीना नहर पटरी पर गांव दौताई की तरफ जंगल में पहुंचे तो उसका शव एक पेड़ पर लटका हुआ मिला। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।
वहीं मृतक के परिजनों ने उसका पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया, लेकिन पुलिस ने उन्हें समझाबुझा कर मृतक का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं पुलिस ने शव के आसपास की जगहों पर भी तलाश की, लेकिन वहां कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय चौधरी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करा दिया है। वहीं प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या से जुड़ा लग रहा है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि उक्त मामले में परिजन कोई कानूनी कार्रवाई करने से इंकार कर रहे हैं। संवाद
प्रशांत शर्मा