नंगला बड में दो पक्षों में हुई मारपीट और पथराव
गढ़मुक्तेश्वर। बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव नंगला बड में गांव में लाइट लगाने के दौरान प्रधान पक्ष व ग्रामीणों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों में जमकर मारपीट और पथराव भी हुआ। जिसमें कई लोग घायल हुए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर भी लोगों ने पथराव किया। पुलिस ने दोनों पक्षों के 35 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव नंगला बड में शुक्रवार की रात करीब नौ बजे प्रधान पक्ष के हबीब और गांव के ही रहने वाले शाहिद समेत अन्य लोगों के बीच लाइट लगाने को लेकर विवाद हो गया। जिसे लेकर दोनों पक्षों के लोग हाथों में लाठी-डंडे, सरिया लेकर आमने सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इतना ही नहीं दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर पथराव भी किया। जिसमें कई लोग घायल भी हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर एसआई संजीव कुमार, सरवन गौतम पुलिस टीम को लेकर मौके पर पहुंच गए। जिन्होंने दोनों पक्षों के लोगों को समझा कर शांत कराने की कोशिश की। लेकिन दोनों पक्षों ने एकजुट होकर पुलिस टीम पर भी पथराव कर दिया। पुलिसकर्मियों ने जीप की आड़ लेकर अपने आप को बचाया। जिसके बाद आरोपी जंगलों की तरफ भाग गए। वहीं पथराव में वाहिद, तहजीबा, आमिल और तौहिद समेत कई लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से चिकित्सकों ने उक्त चारों को गंभीर हालत में मेरठ के लिए रेफर कर दिया है।
15 नामजद समेत 35 के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
इंस्पेक्टर सुमन कुमार सिंह ने बताया कि जांच के दौरान हंगामा कर रहे करीब 15 लोगों के नाम सामने आए हैं। जिसमें एक पक्ष के फराईम, हबीब, आरिफ, सोनू, नन्हे, जुल्फिकार, जिशान, आबिद व दूसरे पक्ष के शाहिद, वाहिद, हामिद, अशर मोहम्मद, बिलाल, नोफिल, शोएब समेत 20 अज्ञात के खिलाफ महामारी अधिनियम समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच करते हुए आरोपियों की तलाश की जा रही है। संवाद