सुल्तानपुर के तीन घरों से हजारों का माल चोरी
- फोटो : अमर उजाला
थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के ग्राम सुलतानपुर में चोरों ने तीन घरों से नगदी, गहने समेत लाखों के माल पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ितों को सुबह वारदात की जानकारी हुई। तहरीर मिलने पर पुलिस ने चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
सोमवार रात को सुलतानपुर निवासी नन्हें पत्नी आबिदा, बेटे जियाउल हक, बेटी मोमिना के साथ घर के आंगन में सो रहा था। रात में किसी समय चोर दीवार फांदकर घर में घुस आए। चोरों ने दो कमरे के ताले तोड़ कर सेफ और संदूक में रखे लाखों रुपये के सोने चांदी के जेवर और दो हजार की नगदी उड़ा ली।
इसके बाद चोरों ने स्वर्गीय राजेंद्र के मकान पर धावा बोला। यहां से चोर एक कमरे का ताला तोड़कर संदूक में रखे दस हजार रुपये, लाखों के आभूषण ले गए। जाते समय चारों ने चोरों ने फजल के घर को भी निशाना बनाया। यहां गहने और नगदी न मिलने पर चोर पांच कि लो घी ले गए।
पीड़ितों को सुबह चोरी का पता चला। एक ही रात में तीन घरों में चोरी होने से ग्रामीणों में पुलिस के खिलाफ गुस्सा दिखा। वारदात की सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष हापुड़ देहात दीक्षित त्यागी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी।
सीओ विशाल यादव का कहना है कि थानाध्यक्ष हापुड़ देहात को मामला दर्ज कर जल्द चोरों को पकड़ने के आदेश दिए गए हैं।