दिल्ली रोड स्थित बिजलीघर में घुसकर बाइक सवार तीन हथियार बंद बदमाश कैशियर व अन्य कर्मचारियों को आतंकित कर दिन दहाड़े 4.56 लाख कैश लूटकर फरार हो गए। इस सूचना के मिलते ही पुलिस बदमाशों के पीछे लग गई।
पुलिस ने गांव श्यामपुर ददायरा के जंगल में घेराबंदी करते हुए ग्रामीणों की मदद से मुठभेड़ के दौरान दो बदमाशों को दबोच कर लूटा कैश बरामद कर लिया। इस दौरान बदमाशों और पुलिस के बीच कई राउंड फायरिंग भी हुई। पुलिस कप्तान हेमन्त कुटियाल मुठभेड़ की कमान स्वयं संभाले थे।
सोमवार अपराह्न करीब दो बजे दिल्ली रोड स्थित बिजली घर पर अपाचे बाइक सवार तीन बदमाश पहुंचे। बदमाशों ने कैश रूम के बाहर बिल जमा कर रहे दो ग्राहकों को कब्जे में ले लिया। इसके बाद अंदर से बंद कैश रूम की खिड़की में तमंचा घुसा कर दरवाजा खुलवा लिया।
बताया गया है कि बदमाशों ने यहां तैनात कैशियर नीटू व एक अन्य कर्मचारी सतेंद्र की कनपटी पर तमंचा सटा दिया। इसके बाद बदमाशों ने मारपीट करते हुए इनसे पूरे दिन का कलेक्शन के 4.56 लाख रुपये लूटे लिये। बदमाश कर्मचारियों और दोनों ग्राहकों को कैश रूम में ही बंद कर फरार हो गए।
बिजली कर्मचारियों ने खिड़की का शीशा तोड़कर शोर मचाया। बाहर से आए चाय वाले के दरवाजा खोलने पर कर्मचारी बाहर निकले और मामले की जानकारी पुलिस को दी। जेई महरोज दोस्त व कैशियर नीटू ने इस लूट के मामले में कोतवाली में तहरीर दी ।
सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। स्वर्ग आश्रम रोड पर घूम रही फैंटम पुलिस को बदमाश धनौरा की ओर जाते दिखायी दिए। इस सूचना के फ्लैश होते ही पुलिस ने पीछा शुरू कर दिया। पुलिस ने बदमाशों को श्यामपुर व ददायरे के जंगल में घेर लिया।
एसपी हेमंत कुटियाल, एडी एसपी राम मोहन सिंह,सीओ शैलेन्द्र राठौर और कोतवाल आर के सिंह समेत कई थानों का पुलिस बल वहां पहुंच गया। इतना ही नहीं गन्ने के खेत में तपती धूप में एसपी स्वयं कांबिंग का नेतृत्व करने लगे। तभी पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ शुरू हो गई। दोनों ओर से कई राउन्ड गोलियां चलीं।
हालांकि इसी दौरान ग्रामीणों की मदद से दो बदमाशों को दबोच लिया गया जिनसे लूटी रकम भी बरामद हो गई। बाद में शाम तक तीसरे बदमाश की तलाश में पुलिस खेतों में कांबिग करती रही। भीषण गर्मी में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की वर्दियां पसीने में तर हो रही थीं।
एसपी हेमंत कुटियाल ने बताया कि पकड़े गए दोनों बदमाशों से लूटा गया पूरा कैश बरामद हो गया है। एक पिस्टल भी बरामद की गयी है। दोनों बदमाश सिकंद्राबाद के हैं जिनसे पूछताछ की जा रही है।
उनका मानना है कि अब लूट की वारदातों पर अंकुश लग जायेगा। क्योंकि अधिकतर वारदातों में अपाचे बाईक ही प्रयोग की जा रही थी जो इन बदमाशों से बरामद हो गयी है। उन्होंने इस कांबिंग में सहयोग के लिए ग्रामीणों का भी आभार प्रकट किया है।