जमीन दिलाने के नाम पर 25 लाख रुपये हड़पे
हापुड़। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत जमीन दिलाने के नाम पर कुछ लोगों ने एक व्यक्ति से 25 लाख रुपये ठग लिए। रुपये मांगने पर आरोपियों ने हत्या की धमकी दी। पीड़ित ने एसपी कार्यालय में मामले की शिकायत की है।
मेरठ रोड स्थित पंचशील कॉलोनी निवासी विनय पुत्र वचन सिंह ने बताया कि फरवरी माह में जनपद मेरठ निवासी परिचित ने साझीदारी में मुनाफे का झांसा देकर भूमि खरीदने का प्रस्ताव रखा। इस पर उन्होंने अपनी सहमति दे दी। जमीन खरीदने के लिए उन्होंने करीब 25 लाख रुपये दे दिए। जिसमें 11 लाख रुपये बैंक से निकालकर दिए। जबकि शेष 14 लाख रुपये रिश्तेदारों से उधार लेकर दिए थे। विनय ने बताया कि आरोपियों ने डेढ़ माह के भीतर बैनामा कराने का आश्वासन दिया और अपने हिस्से की रकम भी उसी वक्त देने के लिए कहा। विनय ने बताया कि आरोपियों ने न तो जमीन का बैनामा कराया और न ही रुपये लौटाए। रुपये वापस मांगने पर उसके जान से मारने की धमकी देते हुए इंकार कर दिया। पीड़ित ने कार्रवाई की मांग की है।