सरीला (हमीरपुर)। जलालपुर थानाक्षेत्र में ममना पुरैनी मार्ग पर तेज रफ्तार बाइक सवार ने खेतों से घर वापस जा रहे वृद्ध को टक्कर मार दी। जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। बाइक सवार को सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
पुरैनी गांव निवासी थोबन (80) सोमवार की शाम खेतों से घर वापस आ रहे थे। तभी ममना पुरैनी मार्ग पर रामसरन के डेरा के पास ममना की तरफ से तेज रफ्तार आ रहे बाइक सवार अरविंद (27) निवासी बिलगांव ने पीछे से टक्कर मार दी। जिससे उनकी मौके पर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से घायल बाइक सवार को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। वृद्ध की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मचा है। थानाध्यक्ष विजय सिंह ने बताया कि मामले में मृतक की पुत्र वधू सियारानी की तहरीर पर बाइक सवार अरविंद निवासी बिलगांव के विरुद्ध लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया गया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।