सरीला। प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के कुछ लाभार्थियों ने किस्त लेने के बाद भी आवास नहीं बनवाए। ऐसे 23 लाभार्थियों को चिंहित कर उन्हें नोटिस जारी किया गया है। डूडा के परियोजना अधिकारी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि यदि निर्धारित समय पर आवास न बनें तो लाभार्थियों से रिकवरी भी की जाएगी। डीएम के निर्देश पर गुरुवार को अधिकारियों की टीम ने अधूरे आवासों का निरीक्षण भी किया।
अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत नगर पंचायत में 14 लाभार्थियों को प्रथम किस्त के रूप में 50 हजार व द्वितीय किस्त में डेढ़ लाख की धनराशि जारी की गई। जबकि नौ लाभार्थियों को प्रथम किस्त में 50 हजार की धनराशि दी जा चुकी है। इसके बाद भी इन सभी 23 लाभार्थियों ने आवास निर्माण कार्य पूरा नहीं कराया है।
नायब तहसीलदार राधेश्याम सिंह ने बताया कि डीएम के निर्देश पर अधूरे आवासों का निरीक्षण भी किया जा रहा है। उनके साथ नगर पंचायत ईओ दीपालिका यादव, कर्मी राजेंद्र सिंह, अरविंद कुमार, लेखपाल पंकज कुमार, डूडा विभाग के जेई सुनील कुमार व विनय कुमार मौजूद रहे।