राठ (हमीरपुर)। कोतवाली क्षेत्र के बसेला गांव में चार दिन में बुखार से तीन मौतें हो चुकीं हैं, जबकि यहां अब तक बुखार से दम तोड़ने वालों की संख्या चार पहुंच गई है। मृतकों के परिजनों का कहना है कि जांच में डेंगू के लक्षण पाए गए थे। स्वास्थ्य विभाग डेंगू से मौत होने से इनकार कर रहा है। एक पखवारे पूर्व भी एक ग्रामीण की बुखार से मौत हो चुकी है।
क्षेत्र के बसेला में रविवार रात गोमती (50) की बीमारी के चलते मौत हो जाने से गांव में हड़कंप मचा हुआ है। टुटियां पांचाल ने बताया कि उनकी पत्नी गोमती तीन-चार दिन पहले बुखार से पीड़ित हुईं थीं। इलाज सरकारी अस्पताल में कराया। यहां से परिजन झांसी ले गए। झांसी की प्राइवेट पैथोलॉजी में जांच में आशंकित डेंगू बताया गया। इलाज के बाद परिजन गोमती को रविवार शाम घर लेकर आए थे। आधी रात के बाद उनकी मौत हो गई।
बता दें शनिवार की रात श्रीकुंवर (50) और शुक्रवार को रघुनाथ की बुखार से मौत हो गई थी।
28 सितंबर को बुखार से पीड़ित खलक अहिरवार की मौत हो गई थी। गांव में अभी 24 से अधिक लोग बुखार से पीड़ित हैं। रविवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.अशोक कुमार रावत, नौरंगा सीएचसी अधीक्षक डॉ. वीरपाल सिंह राजपूत डॉक्टरों की टीम के साथ गांव पहुंचे थे। जहां ग्रामीणों की जांच पड़ताल कर लौट गए थे। सीएमओ का कहना है कि डेंगू से एक भी मौत नहीं हुई है। वहीं डॉ.वीरपाल सिंह का कहना है कि गांव में डेंगू के लार्वा नहीं मिला है। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग पर गंभीर बीमारी के प्रति लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए आक्रोश जताया है।
दो और डेंगू के मरीज मिले
हमीरपुर। सोमवार को दो और डेंगू के मरीजों की पुष्टि हुई। अब तक 70 मरीज मिल चुके हैं।
जिला अस्पताल में बुखार, खांसी, जुकाम के मरीजों की भीड़ उमड़ रही है। सोमवार को 1043 मरीजों ने पर्चे बनवाए। 254 मरीजों ने खून की जांच कराई। फिजीशियन डॉ.आरएस प्रजापति ने बताया कि 306 मरीजों का उपचार किया है। बताया कि वायरल बुखार के 205 मरीज देखे हैं। सीएमएस डॉ. विनय प्रकाश ने बताया कि छह लोगों के सैंपलों की जांच हुई, जिनमें दो में डेंगू की पुष्टि हुई है। इसमें शहर के बेतवा घाट निवासी हेमंत (15), निवादा निवासी अरविंद (25) शामिल हैं।
जिला मलेरिया अधिकारी आरके यादव ने बताया कि 70 डेंगू मरीजों की पुष्टि हो चुकी है। रीवन में रेखा नाम की मरीज की डेंगू से झांसी के एक प्राइवेट अस्पताल में इलाज के दौरान गत दिवस मौत हो गई थी। बताया गत वर्ष जिले में 69 डेंगू के मरीज मिले थे। (संवाद)