हमीरपुर। पैर पसार रहे कोरोना को शिकस्त देने के लिए किशोर व किशोरियां पूरे उत्साह के साथ कैंपों में पहुंचकर टीका लगवा रही हैं। बुधवार को 107 केंद्रों में वैक्सीनेशन हुआ। 4309 किशोर व किशोरियां ने कोवैक्सीन की पहली डोज लगवाई।
छानी बुजुर्ग के श्रीकृष्ण राज मंदिर इंटर कॉलेज में 10 छात्रों व 93 छात्राओं को वैक्सीन लगाई गई। सीएचसी के एमओआईसी डॉ. बृजेश राजपूत ने बताया कि 10 टीमें टीकाकरण में लगाई गई हैं। एक टीम सीएचसी व अन्य इंटर कॉलेजों व उप केंद्रों में काम करेंगी। जीआईसी के प्रधानाचार्य बाबूजी ने बताया कि 98 छात्र और 112 छात्राओं को कोरोना रोधी टीका लगाया गया है।
भरुआसुमेरपुर में सदर तहसीलदार मो. असलम ने स्वास्थ्य केंद्र के अलावा इंगोहटा, छानी, जीजीआईसी, केपी इंटर कॉलेज, मां गीता महेश्वरी इंटर कॉलेज में टीकाकरण कार्य का निरीक्षण किया। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. महेश चंद्रा ने बताया कि कस्बे के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में इंगोहटा व छानी में भी टीकाकरण कराया जा रहा है। अभी तक तीनों जगह पर 200 से अधिक छात्र-छात्राओं को वैक्सीन लग चुकी है।
राठ में विभिन्न स्कूलों, कालेजों में कैंप लगाकर छात्रों का टीकाकरण किया गया। अमगांव स्थित प्रभा शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज के प्रबंधक अशोक पालीवाल ने बताया 60 छात्रों का टीकाकरण किया गया। अधीक्षक डॉ.अजय चौरसिया ने बताया कि नगर के सेठ छोटेलाल एकेडमी में 137, जीआरवी में 130 व सीएचसी में 120 किशोर व युवाओं को कोरोना वैक्सीन लगाई गई।
मौदहा में उपजिलाधिकारी सुरेंद्र कुमार सिंह ने टीकाकरण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। अधीक्षक डॉ. जयप्रकाश साहू ने गांधी इंटर कॉलेज सहित कस्बे के अन्य कालेजों में टीकाकरण के लिए प्रेरित किया। नेशनल कॉलेज में 159, आदर्श में 40, रहमानिया में छह, गांधी कॉलेज में 140, जीजीआईसी में 145, सरस्वती विद्या मंदिर में 51, जीजीआईसी सिसोलर में 42 को टीका लगाया गया। गहरौली संवाद में गोविंद विद्यालय इंटर कालेज में 91 छात्रों ने वैक्सीन लगवाई।