छानी सीएचसी का निरीक्षण करते संयुक्त निदेशक (कार्मिक) डॉ.ब्रजेश चौहान, साथ में सीएमओ।
- फोटो : HAMIRPUR
हमीरपुर। कोरोना की तीसरी लहर से निपटने के लिए बनाए गए कोविड-19 अस्पतालों में तैयारियों को तीन दिन में मॉक ड्रिल कर परखा गया। मंगलवार को लखनऊ से आए संयुक्त निदेशक कार्मिक डॉ.बृजेश चौहान की मौजूदगी में छानी और कुरारा सीएचसी में मॉक ड्रिल किया गया।
सीएमओ डॉ.एके रावत ने बताया कि सीएचसी छानी, मौदहा, मुस्करा और नौरंगा के कोविड अस्पतालों में सभी व्यवस्था कर ली गई है। सभी उपकरण सही तरीके से काम कर रहे हैं। 12-12 बेड के पीकू वार्ड भी तैयार हैं और ऑक्सीजन का पर्याप्त इंतजाम है।
जनपद में पांच ऑक्सीजन प्लांट भी तैयार हैं। इसमें दो प्लांट जिला महिला और पुरुष अस्पताल में हैं। मौदहा, राठ और कुरारा सीएचसी में एक-एक प्लांट लगा है। पर्याप्त मात्रा में ऑक्सीजन कंस्ट्रेटर भी हैं। अभी जनपद में कोरोना का कोई भी एक्टिव केस नहीं है। पिछले माह जिन लोगों में कोरोना की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी, वह अब स्वस्थ हैं।
कोविड सर्विलांस अधिकारी डॉ.पीके सिंह ने बताया कि कुरारा में हुए मॉकड्रिल में विभाग के कर्मी को मरीज बनाकर एंबुलेंस से लाया गया। पीपीई किट पहने कर्मियों ने स्ट्रेचर पर ही ऑक्सीजन देने, सारे चेकअप करने, आब्जर्वेशन और आकस्मिक कक्ष में भर्ती प्रक्रिया का डेमो किया। संयुक्त निदेशक (कार्मिक) डॉ.बृृजेश चौहान ने कुरारा और छानी सीएचसी में तैयारियों को देखा। एसीएमओ डॉ.महेशचंद्रा, डॉ.आरके यादव, डॉ.अनूप निगम, जिला स्वास्थ्य शिक्षाधिकारी अनिल कुमार यादव मौजूद रहे।