हमीरपुर के राठ स्थित बिगवां गांव में युवक ने खेत में पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस को युवक की जेब में सुसाइड नोट मिला है। जिसमें चार लोगों पर चोरी के आरोप लगाने व मारपीट करने से आहत होकर आत्महत्या करने की बात लिखी है। युवक पांच दिनों से लापता था।
बिगवां निवासी शिवसिंह (22) पुत्र महीपत पाल का शव शनिवार सुबह गांव के बाहर पेड़ पर लटका मिला। उन्होंने नाले के किनारे लगे जामुन के पेड़ पर बेल्ट के सहारे फांसी लगाई थी। वह अभी अविवाहित था। जेब से सुसाइड नोट मिला है। जिसमें चार लोगों पर चोरी का आरोप, मारपीट करने की बात लिखी है।
मृतक के पिता महीपत ने बताया तीन माह पहले गांव के संतोष ने शिवसिंह को राठ के दीवानपुरा निवासी करन के यहां काम पर लगाया था। करन ने उन्हें मटौंध में चालक का काम दिया था। 21 सितंबर को करन आदि ने शिवसिंह को कस्बा लाकर एक कमरे में बंद कर दिया। चोरी का आरोप लगा उनके साथ मारपीट की।
महीपत ने बताया आरोपियों ने पुत्र को छोड़ने के एवज में एक सप्ताह में पचास हजार रुपये मांगे थे। शिव सिंह पर गलत काम करने का आरोप लगाते हुए लानत दी थी। जिसके बाद से वह घर नहीं पहुंचे थे। शनिवार सुबह करीब आठ बजे उनका शव फांसी पर झूलता मिला।
सुसाइड नोट में अपनी मौत का जिम्मेदार संतोष, करन, राजवीर, इस्लाम व संजय को ठहराया है। कोतवाल राजेश चंद्र त्रिपाठी ने कहा उक्त लोगों के खिलाफ मारपीट व आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का मुकदमा लिखा जा रहा है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।