बस स्टैंड के आसपास सड़क के दोनों तरफ किए गए
अतिक्रमण को नगर पालिका प्रशासन ने कोतवाली पुलिस की मौजूदगी में हटवा
दिया। इस दौरान अतिक्रमण हटा रहे कर्मियों को दुकानदारों की मुहांचाही हुई।
जेसीबी ने जैसे ही अतिक्रमण हटाना शुरू किया तो कई दुकानदार खुद ही
दुकानें समेटने लगे। पालिका के अधिशाषी अधिकारी ने दुकानदारों को हिदायत दी
कि दोबारा दुकानों को चिह्नित स्थान से आगे बढ़ाया तो जुर्माने की
कार्रवाई की जाएगी।
गुरुवार को पालिका के अधिशाषी अधिकारी बीपी यादव,
नायब तहसीलदार वागीश कुमार शुक्ला व कोतवाल पीके यादव ने भारी पुलिस फोर्स व
पालिका के कर्मियो के साथ तहसील तिराहा से अतिक्रमण को हटाने का कार्य
शुरू किया।
नगर पालिका के सामने स्थित फल विक्रेता से अधिशाषी अधिकारी की
झड़प भी हुई। फिर जेसीबी आपरेटर ने मशीन से दुकानों के आगे लगे तिरपाल व
टीनशेड हटा अतिक्रमण साफ किया।
अधिशाषी अधिकारी ने बताया कि दुकानदारों को
हिदायत दी गई है कि वे लोग चिह्नित स्थान तक दुकान रखें, सीमा के बाहर
मिलने पर जुर्माने के साथ साथ दुकान भी हटा दी जाएगी।
गौरतलब हो कि
बसस्टैंड से महज 50 मीटर की दूरी पर जीजीआईसी, राजकीय महिला डिग्री कालेज व
कलक्ट्रेट स्थित है। इसके साथ ही कुरारा, सुमेरपुर व बिंवार मार्ग के लिए
डग्गामार वाहन भी इसी स्थान से संचालित होते हैं।
जिससे अमन शदीद से लेकर
पेट्रोल पंप तक दिन भर जाम की स्थिति बनी रहती है। इस जाम में पटरी
दुकानदार भी कम दोषी नहीं है। बसस्टाप के सामने बने नाले तक दुकान रखने की
छूट दी गई है।
मगर पटरी दुकानदार इस आदेश को धता बताते हुए नाले से करीब 10
से 15 फिट तक आगे दुकानों का सामान लगा लेते है। साथ ही तिरपाल लगा लेने
से सड़क से निकलने वाले वाहनों से टकराते है और जाम का कारण बनते है।