लूट के मामले का खुलासा करते एसपी व पकड़े गए आरोपी।
- फोटो : अमर उजाला
हमीरपुर। थाना चिकासी पुलिस ने क्षेत्र के मगरौठ मोड़ के पास 15 दिन पूर्व हुई बाइक लूट के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया। इस घटना में दो लुटेरों को लूटी गई बाइक के साथ मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दबोचे गए आरोपियों के कब्जे से दो तमंचा व चार जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। पुलिस लाइन सभागार में पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सिंह ने घटना का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि दो अन्य आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। एसपी ने पुलिस टीम को ढाई हजार रुपये ईनाम की भी घोषणा की है।
गौरतलब हो कि 26 जून को चिकासी थानाक्षेत्र के जिगनी गांव के पास ज्ञानेंद्र पुत्र रमेश सिंह व रामसजीवन पुत्र ज्वाला सिंह निवासीगण जिगनी के साथ चार बदमाशों ने लूटपाट की थी। इस लूट में उनकी बाइक भी बदमाश ले गए थे। इस मामले की तहरीर पर थाना चिकासी में लूट का मामला दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन पर थाना चिकासी के थानाध्यक्ष संजय कुमार यादव के नेतृत्व में एसआई रामदास यादव, सिपाही अजब सिंह, अतींद्र सिंह व जितेंद्र सिंह पाल के साथ रविवार की देर शाम करीब सात बजे मगरौठ मोड़ के पास लूट के दो आरोपी श्रीओम निवासी चंदरसी थाना कदौरा जनपद जालौन और चरन सिंह निवासी बिलगांव थाना जलालपुर को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से लूटी गई बाइक भी बरामद की है।
इनके पास से एक-एक तमंचा व चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। सोमवार को पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए टीम को बधाई दी। उन्होंने लुटेरों को पकड़ने वाली टीम को ढाई हजार रुपये का ईनाम भी देने की घोषणा की है। उन्होंने बताया कि लूट के दो अन्य आरोपी संतराम राजपूत निवासी करमेर थाना आटा जालौन व विपिन उर्फ वीरू निवासी थाना जलालपुर को शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। एसपी ने बताया कि आरोपी हरिओम के खिलाफ कदौरा थाने में भी कई मामले दर्ज हैं।