राठ में मारपीट के दौरान घायल धर्मेंद्र, मुकेश।
- फोटो : अमर उजाला
राठ (हमीरपुर)। कोतवाली के बहपुर गांव में बीती रात नौटंकी में महिला कलाकारों के साथ नाचने से मना करने पर दो पक्षों में विवाद हो गया। विवाद में दोनों पक्षों ने एक दूसरे के ऊपर लाठियां भांजी। मारपीट के दौरान दोनों पक्षों के करीब आठ लोगों को चोटें आईं हैं। घायलों ने थाने में तहरीर दी है। इसमें एक पक्ष ने गांव के कुछ लोगों पर घर में घुसकर महिलाओं के साथ मारपीट और लूटपाट का भी आरोप लगाया है। घायलों को सीएचसी भेजा गया है। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बहपुर गांव निवासी श्रीपाल राजपूत के लड़के नरेंद्र की सोमवार को शादी थी। शादी पर रविवार की रात श्रीपाल राजपूत नेनौटंकी का आयोजन कराया था। शादी में शामिल होने के लिए उसके नाते रिश्तेदार भी आए हैं। बीती रात करीब 11 बजे नौटंकी शुरू हुई। रात करीब दो बजे गांव के कुछ युवक मंच पर चढ़ गए और नृत्य कर रहीं महिला कलाकारों के साथ नाचने लगे। इस पर मौैजूद श्रीपत राजपूत के कुछ रिश्तेदारों ने युवकों को महिला कलाकारों के साथ नाचने से रोका। इस पर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। श्रीपत राजपूत के रिश्तेदार परा गांव निवासी देवनारायन ने बताया कि विवाद होने पर नौटंकी बंद करा दी गई।
कुछ देर बाद गांव का रामसिंह, देवेंद्र, हितेंद्र सहित करीब 10-15 लोग आए और उनके घर पर हमला कर दिया। बताया कि गांव के युवकों ने घर में घुसकर सो रहे रिश्तेदारों को लाठी-डंडों से जमकर मारापीटा। इस मारपीट में गल्हिया निवासी धर्मेंद्र पुत्र शिवनारायन लोधी, परा गांव निवासी रामबाबू पुत्र विश्वनाथ, मुकेश पुत्र देवनारायन सहित पानकुंवर पत्नी शिवनाथ, अखिलेश पत्नी देवनारायन घायल हो गए। देवनारायन ने बताया कि उसके भांजे नरेंद्र को भी चोट आई हैं। आरोप लगाया कि हमला करने वाले ग्रामीण घर में घुस गए और घर में रखा चढ़ावे का जेवर मंगलसूत्र, पायल, हाफ पेटी, बिछुआ, तीन सोने की अंगूठी, सोने का हार और जंजीर लूटकर ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। गल्हिया गांव निवासी अशोक पुत्र कालीचरन निवासी गल्हिया ने रविंद्र, जितेंद्र, हितेंद्र और राम सिंह तथा दूसरे पक्ष के देवेंद्र पुत्र राम सिंह ने मुकेश, नरेश और श्रीपाल के विरुद्ध मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई है। कोतवाल जगदेव प्रसाद यादव ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है।