हमीरपुर। मुख्यालय स्थित मौदहा बांध (निर्माणखंड) के निरीक्षण भवन में सीबीआई के अस्थायी कैंप कार्यालय में पांचवें दिन बयान दर्ज कराने का सिलसिला जारी रहा। शुक्रवार को रिटायर्ड खनिज अधिकारी, निवर्तमान खनिज सर्वेयर के साथ हरिहर मिनरर्ल्स फर्म के साझीदार सीबीआई की एफआईआर में नामित जालौन के उरई निवासी रामऔतार व करन सिंह सहित कुल सात लोग सीबीआई टीम के समक्ष पेश हुए। जहां टीम ने इन लोगों से लंबी पूछताछ की।
अवैध खनन की जांच कर रही सीबीआई टीम शुक्रवार को हमीरपुर स्थित मौदहा बांध डाक बगले में बनाए गए कैंप कार्यालय में रही। सीबीआई ने जनपद जालौन के उरई निवासी रामऔतार व करन सिंह को अवैध खनन के मामले में नामजद किया है। इन्हें नोटिस भेजकर शुक्रवार को बुलाया गया। इस पर हरिहर मिनरर्ल्स फर्म से जुड़े रामऔतार उनकी पत्नी मोतीबाई, करन सिंह व दो अन्य लोग अपना बयान देने आए। सीबीआई ने रामऔतार व उसकी पत्नी से करीब आधे घंटे तक अवैध खनन के संबंध में पूछताछ कर बयान लिए और बयानों की वीडियोग्राफी कराई। रामऔतार लोनिवि. में लिपिक के पद पर तैनात रहे हैं। अभी एक वर्ष पूर्व ही नौकरी से बीआरएस लिया है। इनकी पत्नी के नाम मौरंग के पट्टा का आवंटित हुआ था। जिस पर अवैध खनन मामले में सीबीआई ने दोनों को नोटिस जारी की थी। इसके बाद जिले में खनिज अधिकारी के पद पर तैनात रहे रामकुमार व खनिज सर्वेयर विजयभूषण तिवारी एक साथ एक ही वाहन से सीबीआई के कैंप कार्यालय आए। रामकुमार अब सेवानिवृत्त हो चुके हैं। जबकि विजयभूषण मौजूदा में खनिज निदेशालय लखनऊ में तैनात है। दोनों में पहले सेवानिवृत्त खनिज अधिकारी सीबीआई टीम के सामने पेश हुए। जहां टीम ने करीब आधे घंटे की पूछताछ की। इसके बाद दोनों को एक साथ बुलाया गया जहां टीम ने एक साथ करीब डेढ़ घंटे लंबी पूछताछ कर क्रास बयान करा वीडियोग्राफी कराई। सेवानिवृत खनिज अधिकारी रामकुमार ने कहा कि उनके समय में पट्टे हुए थे। कहा कि सीबीआई को जब भी जरुरत पड़ती है वह बुलाते हैं। कहा कि सीबीआई के बुलावे पर ही आए हैं।
पट्टों की होने वाली रजिस्ट्री की टीम ने ली जानकारी
हमीरपुर। सीबीआई टीम का एक अधिकारी शुक्रवार को तहसील परिसर स्थित रजिस्ट्रार कार्यालय गए। जहां उन्होंने मौरंग के पट्टों की होने वाली रजिस्ट्री के बारे में गहनता से जानकारी ली। याचिकाकर्ता विजय द्विवेदी एडवोकेट ने पूर्व में सीबीआई को दी गई शिकायतों में कहा था कि पट्टा आवंटन के समय होने वाली रजिस्ट्री में भी स्टांप आदि की चोरी की गई है, जिसकी जांच कराई जाए।
दूल्हा बनने को रवाना हुआ सीबीआई अधिकारी
हमीरपुर। अवैध खनन मामले की जांच कर रही सीबीआई की चार सदस्यीय टीम पिछले सोमवार को मुख्यालय आई थी। जिसमें एक सीओ रैंक के अधिकारी की शादी होने पर वह शुक्रवार की दोपहर दिल्ली के लिए रवाना हो गए। इस मौके पर पूरी टीम के अधिकारियों ने उसे अस्थायी कैंप कार्यालय के गेट पर विदाई दी।
मृत मुनीम के संबंध में पुलिस ने सीबीआई को सौंपा मृत सर्टीफिकेट
हमीरपुर। मौरंग पट्टा धारक के मुनीम का मृत सर्टीफिकेट हासिल करने बाद कोतवाली पुलिस ने पूरा ब्योरा सीबीआई के सुपुर्द किया है। मौरंग व्यवसायी सत्येदव दीक्षित के निजी मुनीम रहे मुख्यालय निवासी विनीत पालीवाल ने पिछले मार्च 2017 में गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। सीबीआई ने मृत विनीत पालीवाल को भी नोटिस जारी किया था। जिस पर पुलिस मृत मुनीम के संबंध में गुरुवार की रात तक ब्योरा एकत्र करती रही। शुक्रवार को पुलिस ने बताया कि मृत मुनीम के संबंध में मृत सर्टीफिकेट व घटना के संबंध में कोतवाली की जीडी में दर्ज इत्तफाकिया की फोटो कॉपी लेकर सीबीआई को सौंपी है।
रिटायर्ड खनिज अधिकारी, सर्वेयर व मुकदमे में नामित दो आरोपी भी हुए पेश
-सीबीआई ने लंबी पूछताछ के साथ अलग अलग बयान की वीडियोग्राफी कराई
अमर उजाला ब्यूरो