हमीरपुर। थाना सिसोलर में तैनात सिपाही पर मध्य प्रदेश के जिला भिंड की युवती ने फेसबुक के जरिए मित्रता कर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने व अश्लील वीडियो बनाने का आरोप लगाया था। इस मामले में युवती की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी सिपाही के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया है। वहीं धमकाने पर सिपाही के भाई व ममेरे भाई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। एसपी कमलेश दीक्षित ने आरोपी सिपाही को निलंबित किया है।
मध्य प्रदेश के जिला भिंड निवासी युवती ने चार सितंबर को एसपी को प्रार्थना पत्र दिया था। जिसमें बताया था कि वह इटावा जिले के निवासी सिपाही श्याम सुंदर जो सिसोलर थाने में तैनात है। फेसबुक पर करीब आठ माह पूर्व उनसे दोस्ती की थी। शादी की बात कहकर उनके साथ शारीरिक संबंध बनाते रहे।
शादी करने की जिद करने पर मोबाइल बंद कर लिया। इसके बाद उन्होंने महिला थाने में प्रार्थना पत्र दिया।
तब सिपाही ने शादी करने की बात कह 20 अगस्त को थाना सिसोलर के सरकारी आवास ले जाकर उनके साथ दुष्कर्म किया। युवती ने सिपाही पर अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी देने का आरोप लगाया था। साथ ही सिपाही के भाई रोहित व मामा के लड़के सत्येंद्र पर गालीगलौज व जान से मार देने का आरोप लगाया। इस मामले में सिपाही श्याम सुंदर के खिलाफ दुष्कर्म व रोहित और सत्येंद्र के खिलाफ गालीगलौज व धमकाने का मुकदमा दर्ज कराया है।