मौदहा। बुधवार की रात एक अधेड़ ने दुकान में मासूम बच्ची के साथ सो रही महिला के मुंह में कपड़ा ठूंस दुष्कर्म किया। दुकान के बाहर सो रहे महिला के पति ने जानकारी होते ही आरोपी को मारपीट कर पुलिस को सौंप दिया। कोतवाली पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
महोबा के एक गांव निवासी महिला ने पुलिस को तहरीर दी है। इसमें बताया कि वह नगर में एक किराये की दुकान लिए है। इसमें वह पति के साथ चाय व गुटखा बेचकर परिवार का भरण पोषण करती है। बुधवार की रात वह मासूम बच्ची के साथ दुकान में सो रही थी।
आधी रात दुकान मालिक अंदर घुस आया और उसके मुंह में कपड़ा ठूंसकर उनके साथ दुष्कर्म किया। घटना की जानकारी होने पर दुकान के बाहर सो रहे पीड़िता के पति ने आरोपी को पकड़कर मारापीटा और कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया। कोतवाल पवन कुमार पटेल ने बताया कि घटना की जांच पड़ताल की जा रही है। मामला गंभीर है, लेकिन संदेहजनक है। आरोपी हिरासत में है। जांच उपरांत विधिक कार्रवाई की जाएगी।