शहर में हाईवे पर बेतवा पुल के पास जाम में फंसी स्कूली बस।
- फोटो : HAMIRPUR
हमीरपुर। कानपुर-सागर हाईवे पर बेतवा पुल के पास शनिवार सुबह आठ बजे आलू भरा ट्रक खराब हो जाने से कुछेछा से दुर्गा मोड़ तक 10 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। इससे सैकड़ों वाहन दो घंटे तक जाम में फंसे रहे। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया। इसके बाद लोगों को राहत मिल सकी।
शहर से निकले कानपुर-सागर हाईवे के हालात किसी से छिपे नहीं हैं। यहां आए दिन दुर्घटनाएं व जाम की समस्या से लोगों को जूझना पड़ता है। हालात ये हैं कि महीने में 20 दिन हाईवे पर जाम लगता है। इससे राहगीरों व गंभीर मरीजों को परेशानी होती है। शनिवार को भी जाम में स्कूली बसें फंसने से बच्चों को काफी दिक्कत हुई। सीओ यातायात आशीष कुमार यादव ने बताया कि ट्रक ऐसी जगह खराब हुआ कि दोनों तरफ से वाहनों से भारी वाहनों का निकलना मुश्किल हो गया था। किसी तरह ट्रक को किनारे करवाकर करीब दो घंटे बाद यातायात बहाल कराया जा सका।