राठ के हमीरपुर रोड पर सड़क किनारे का अतिक्रमण हटाते नगर पालिका कर्मी
- फोटो : HAMIRPUR
राठ (हमीरपुर)। एसडीएम पवन प्रकाश पाठक और सीओ अभय नारायण राय के नेतृत्व में नगर पालिका की टीम ने अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। आंबेडकर चौराहे से विद्युत सब स्टेशन तक सड़क किनारे रखीं दुकानों को सख्ती से हटाया गया। दुकानदारों से पुलिस प्रशासन की नोकझोंक भी हुई।
अतिक्रमण हटाओ अभियान की शुरुआत आंबेडकर चौराहे से हुई। सड़क किनारे लगे ठेले और पेटियां हटाईं गईं। नाली के ऊपर बने पक्के निर्माणों को जेसीबी से ढहा दिया गया। दुकानदारों ने कुछ घंटे की मोहलत मांगी तो जुर्माने की रसीद काटी गई। दोबारा अतिक्रमण करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। अतिक्रमणकारियों द्वारा विरोध करने पर पुलिस उन्हें उठाकर कोतवाली ले गई।
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने सड़क के मध्य से दोनों ओर 55 फीट की नाप की। लोगों द्वारा उक्त स्थान पर अतिक्रमण कर पक्के मकान बना लिए हैं। चिह्नांकन के बाद मकान ढहाए जाने की आशंका पर हड़कंप मचा है।
एसडीएम ने कहा शासन के निर्देश पर अतिक्रमण हटाया जा रहा है। उन्होंने कहा अतिक्रमणकारी खुद अतिक्रमण हटा लें। नगर में कही भी अतिक्रमण मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह अभियान निरंतर चलेगा। कोतवाल दिनेश सिंह भारी पुलिस फोर्स के साथ मौजूद रहे।
राठ में मकान के अंदर 55 फिट नाप का चिन्ह लगाते पालिकाकर्मी- फोटो : HAMIRPUR