कुरारा(हमीरपुर)। मिश्रीपुर गांव के पास शनिवार को सड़क निर्माण के दौरान रोलर पलटने से उसमें आग लग गई। दमकल कर्मियों ने पहुंचकर आग पर काबू पाया। इस हादसे में रोलर चालक व हेल्पर घायल हो गए। दोनों को सीएचसी में भर्ती कराया। वहां से डॉक्टरों ने कानपुर रेफर कर दिया।
कोतवाली क्षेत्र के यमुना घाट निवासी दुलारे (58) और ओमबाबू (28) पीडब्ल्यूडी पीडी निर्माण खंड में कर्मचारी हैं। दुलारे रोड रोलर का चालक और ओमबाबू हेल्पर है। कुरारा थाना क्षेत्र में मिश्रीपुर गांव के पास शनिवार को दोनों निर्माणाधीन सड़क पर रोलर चला रहे थे। इसी दौरान रोलर मिट्टी के टीले पर चढ़ने के बाद पलट गया। इससे उसमें आग लग गई। रोलर के नीचे दबने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। फायर ब्रिगेड के एससीपी संजीव ने बताया कि दमकल गाड़ी भेजकर आग बुझवाई गई। सीएचसी से दोनों घायलों को कानपुर रेफर कर दिया गया है।