अमर उजाला की पहल पर भारतीय स्टेट बैंक इंडिया (एसबीआई) शहर में पहली बार समाचार पत्र वितरकों के लिए विशेष मुद्रा लोन वितरण शिविर लगा रहा है। 27 जुलाई को बैंक रोड स्थित मुख्य शाखा में शिविर लगेगा। उद्घाटन एसबीआई के उपमहाप्रबंधक पीसी बरोड़ करेंगे।
कैंप 11 बजे सुबह से प्रारंभ होकर सायं तीन बजे तक चलेगा। अमर उजाला का मकसद पत्र वितरकों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है। साथ ही सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना है। उपमहाप्रबंधक ने कहा कि पत्र वितरकों को मुद्रा योजना के तहत लोन दिया जाएगा। इससे पत्र वितरकों की कारोबार में पूंजी की समस्या नहीं होगी और अधिक परिश्रम कर वे अपनी आर्थिक स्थिति और मजबूत कर सकेंगे।
नकदी की समस्या से उबरने में मुद्रा योजना अन्य उद्यमियों की भांति पत्र वितरकों के लिए संजीवनी साबित होगा। खास बात होगी कि ऋण पाने के लिए उन्हें किसी तरह के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। यह लोन अन्य लोन की अपेक्षा कम ब्याज दर पर मिलता है।
कैंप में बैंक अधिकारी इच्छुक समाचार पत्र वितरकों की जरूरत को समझेंगे और ऋण वापसी की क्षमता का आकलन करके उन्हें हाथों-हाथ ऋण स्वीकृत कर दिया जाएगा। इस पूरी व्यवस्था में अमर उजाला हर तरह से सहयोग करेगा।