युवती की हत्या कर फोरलेन पर शव फेंकने वाले हत्यारों के चंगुल में कई लड़कियां फंसी हैं। शव की शिनाख्त होने के बाद सोमवार को पुलिस आफिस पहुंचे भौवापार गांव के लोगों ने एसएसपी से मुलाकात कर उन्हें यह जानकारी दी। साथ ही हत्यारों को गिरफ्तार करने की मांग की। शिकायत के बाद पीड़ित परिवार के साथ ही सहयोगियों को धमकी मिलने की भी जानकारी उन्होंने एसएसपी को दी।
बेलीपार, भौवापार के रहने वाले चंद्रेश तिवारी सोमवार को पत्नी और गांव के लोगों के साथ खोराबार थाने पहुंचे। हिरासत में लिए गए आरोपियों को छोड़ने की वजह पूछते हुए प्रीति की पहचान पुख्ता करने को डीएनए के लिए नमूना लेने कहा। एसओ रामअशीष यादव ने कोर्ट से आदेश लेने के बाद डीएनए के लिए नमूना लिए जाने की बात कही। साथ ही 31 दिसंबर को बहरामपुर गांव के प्रधान की तहरीर पर युवती की हत्या के मामले में अज्ञात व्यक्ति पर दर्ज हुए मुकदमे की कापी दी। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट एक सप्ताह बाद दी जाएगी।
उधर, दोपहर बाद पुलिस आफिस पहुंचे चंद्रेश और उनके घरवालों ने एसएसपी लव कुमार से मुलाकात कर बेटी के हत्यारों को गिरफ्तार करने की मांग की। उन्होंने बताया कि वारदात में जो लोग शामिल हैं उनके चंगुल में कई और लड़कियां हैं। खोराबार पुलिस मामले को गंभीरता से नहीं ले रही है। उन्होंने गांव के ही एक युवक पर बेटी को अगवा करने का आरोप लगाते हुए उसी पर हत्या करने का संदेह जताया।
फोरलेन किनारे मिली थी लाश
31 दिसंबर की सुबह बहरामपुर गांव में फोरलेन किनारे युवती की लाश मिली थी। सिर और चेहरे में पांच गोली मारकर पहचान छुपाने के लिए रॉड से हमला किया गया था। पुलिस शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद मामले की छानबीन कर रही थी। घटना का खुलासा करने के लिए क्राइम ब्रांच की टीम भी लगाई गई थी।