शादीकर दुल्हन लाने के चंद घंटे बाद ही सड़क हादसे में घायल युवक की शनिवार को मौत हो गई। उसके बाद घर में कोहराम मच गया है। दुल्हन रो-रोकर बेसुध हो जा रही है।
सहजनवां इलाके के भीटी रावत ,भरपुरवा निवासी राजाराम के बेटे दिनेश (21) की 23 नवंबर को चिलुआताल इलाके के मझगांवा के गामा की बेटी गरिमा के साथ शादी हुई थी। 24 नवंबर को दुल्हन को विदा कराने के बाद परिवार वाले रस्म की अदायगी में लगी थे। वहीं दिनेश किसी काम से अपने भांजे रामस्वरूप को लेकर कहीं निकल गए थे। कुछ ही देर में सूचना मिली कि गीडा में किसी अज्ञात वाहन की ठोकर से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घर में खुशियों का माहौल गम में बदल गया।
परिजन गंभीर हालत में दोनों को गोरखपुर से लखनऊ ले गए। वहां शनिवार को दिनेश की मौत हो गई। दिनेश तीन भाइयों में मझले थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई।