गोरखपुर। जालसाजी के मामले में जेल भेजे गए डॉक्टर कफील को कोर्ट से जमानत मिल गई है। सोमवार को डॉ कफील जेल से छूट गए। वहीं, इसी मामले में जेल गए उनके भाई अदील को पहले ही जमानत मिल गई थी।
बीआरडी मेडिकल कालेज के आक्सीजन कांड के आरोपी डॉ. कफील और उनके भाई अदील को 23 सितंबर को कैंट पुलिस ने जालसाजी के एक पुराने केस में गिरफ्तार किया था। इसमें अदील पर जालसाजी तो कफील पर साजिशकर्ता के रूप में केस दर्ज हुआ था। पुलिस ने दोनों भाइयों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया था। इसके अलावा कफील पर बहराइच जिला अस्पताल में पहुंच कर सरकारी कार्य में बांधा डालने के मामले में भी उसी समय बहराइच पुलिस ने केस दर्ज किया था। 23 अक्तूबर को अदील जेल से बाहर आ गए थे। डॉ. कफील पर अन्य केस होने से वह जेल में ही थे। सोमवार को उन्हें भी जेल प्रशासन ने रिहा कर दिया।