गोरखपुर।
कैंट पुलिस ने चार लुटेरों को गिरफ्तार कर उनके पास से लूटे गए 15 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इसमें से पांच मोबाइल के केस थाने में दर्ज हैं। दस मोबाइल की ईएमआई नंबर के आधार पर तलाश की जा रही है। मोबाइल लूट गिरोह के सभी सदस्य रफ्तार से बाइक चलाने में माहिर हैं। इसी का फायदा उठाकर आसानी से लूट की घटना को अंजाम देकर फरार हो जाते हैं। पकडे़ गए लुटेरों से पुलिस ने पांच घटनाओं का खुलासा किया है।
एसपी सिटी विनय सिंह ने बताया कि मुखबिर के जरिए कैंट पुलिस को मोबाइल लुटेरे गिरोह के आने की सूचना मिली थी। इसके बाद ही कैंट इंस्पेक्टर मनोज कुमार पाठक हमराहियों के साथ जीएम तिराहे पर पहुंचे और वाहन चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान मुखबिर ने दो बाइक की ओर इशारा किया। पुलिस ने जैसे ही उन्हें रोकने की कोशिश वे भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर दो बाइक पर सवार चार लोगों को पकड़ लिया और इनकी निशानदेही से लूटे गए 15 मोबाइल फोन भी बरामद की। पकड़े गए लुटेरों की पहचान तिवारीपुर थाना क्षेत्र के जफर कॉलोनी निवासी सलीम अहमद, आतिफ, शादाब, धर्मशाला निवासी कैश अहमद के रूप में हुई है। शादाब दिल्ली में 11 का छात्र बता रहा है। अन्य सभी गोरखपुर में कपड़े या फिर चाय की दुकान पर काम करते थे। सभी मोबाइल को औने-पौने दामों पर बेच दिया करते थे।