- दो चचेरे भाइयों को ट्रक ने रौंदा, मौत
- बाइक के डिवाइडर से टकराने की वजह से हुआ हादसा
- बाइक सवार तीसरे युवक की हालत गंभीर, शादी से लौट रहे थे तीनों चचेरे भाई
- दोनों मृतक मां-बाप की इकलौती संतान थे
हरपुर बुदहट (सहजनवां)। गोरखपुर-लखनऊ फोरलेन पर सहजनवां इलाके के ओवरब्रिज के पास रविवार की तड़के सुबह बाइक के डिवाइडर से टकराने के बाद सड़क पर गिरे दो चचेरे भाइयों को ट्रक ने रौंद दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। बाइक सवार तीसरे भाई को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तीनों एक ही बाइक से शादी समारोह से घर लौट रहे थे। दरअसल, बाइक डिवाइडर पर टकराने के बाद दो युवक छटक कर दूसरे लेन पर चले गए थे और फिर ट्रक की चपेट में आ गए। घायल युवक डिवाइडर पर ही रह गया जिससे उसकी जान बच गई है। हालांकि उसकी भी हालत चिंताजनक है। मृतक दोनों युवक चचेरे भाई थे और मां-बाप की इकलौती संतान थे। तीनों ने हेलमेट नहीं लगाया था।
हरपुर बुदहट इलाके के बुदहट गांव निवासी ऋषभ शुक्ला (17) पुत्र अवध नारायण शुक्ला अपने चचेरे भाई हरिओम शुक्ला (19) पुत्र शिवशरण और आदित्य उर्फ रवि शुक्ला (24) पुत्र लोचन शुक्ला के साथ एक ही बाइक से बेलीपार के हददिया पिछौरा गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। रविवार की सुबह तीनों बाइक से गांव लौट रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक की रफ्तार इतनी तेज थी कि अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।
टक्कर इतना जोरदार हुआ कि बाइक चला रहा ऋषभ और हरिओम छटक कर दूसरे लेन पर चले गए और रवि वहीं पर गिर गए। दूसरे लेन पर गए भाइयों को ट्रक ने रौंद दिया जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल रवि शुक्ला को अस्पताल में भर्ती कराया। उधर, मौत की खबर घर पहुंचते ही चीख पुकार मच गया। घटनास्थल पर परिजन भी पहुंच गए थे। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो दोनों के ही सिर पर चोट आई है। यदि हेलमेट लगाए होते तो उनकी जान बच सकती थी।
एक साथ बुझ गए दो घरों के चिराग
गोरखपुर। सहजनवां में सड़क हादसे में जान गंवाने वाले दोनों ही चचेरे भाई इकलौते संतान थे। उनकी मौत से घर में चीख पुकार मच गया। औलाद को गंवा कर घरवाले सदमे में हैं। गांव वाले उन्हें ढांढस बधा रहे हैं। मौत की खबर पर रिश्तेदार भी गांव पहुंच गए थे।
तीनों चचेरे भाई बाइक पर एक साथ शादी समारोह में शामिल होने के लिए शनिवार को घर से निकले थे। घरवालों को लगा कि एक साथ होंगे तो सुरक्षित वापस आएंगे। तीन सवारी और तेज रफ्तार होने की वजह से ही बाइक अनियंत्रित हो गई और हादसे में ऋषभ और हरिओम की मौत हो गई। जबकि रवि शुक्ला घायल हैं। तीनों के ही पिता खेती-किसानी करके जीवन यापन करते हैं। हरिओम बीए की पढ़ाई कर रहा था। वह बच्चों को ट्यूशन भी पढ़ाता था। ऋषभ भी पढ़ाई कर रहा था।
नोट:आपको हमारी यह स्टोरी कैसी लगी इस पर अपना फीडबैक नीचे बने कमेंट बॉक्स में जरूर दें।
...