गोंडा। थाना मोतीगंज में हाल ही में विवेचना कक्ष का निर्माण कराया गया। कंसट्रक्शन कंपनी ने निर्माण सामग्री में गड़बड़ी की। जिसके कारण रविवार को विवेचना कक्ष का छज्जा ढह गया।
मामले में कंपनी के ठेकेदार के खिलाफ थाना मोतीगंज में एफआईआर दर्ज कराई गई है। मालूम रहे कि थाना मोतीगंज में शिव कंसट्रक्शन के ठेकेदार सुशील कुमार सिंह विवेचना कक्ष का निर्माण करा रहे थे।
रविवार को लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता मोतीराम उपाध्याय विवेचना कक्ष का निरीक्षण करने पहुंचे थे। निरीक्षण के दौरान ही विवेचना कक्ष की छत, दीवार सहित एक कोना अचानक भरभराकर गिर गया। जिस समय छत व दीवार गिरी आस-पास खड़े लोग बच गए।
अवर अभियंता ने बताया कि विवेचना कक्ष के निर्माण में ठेकेदार ने मानक विहीन बिल्डिंग मैटेरियल का इस्तेमाल किया। जिससे विवेचना कक्ष की छत दीवार सहित ढह गई।
अवर अभियंता ने थाना मोतीगंज में ठेकेदार सुशील कुमार सिंह के खिलाफ थाना मोतीगंज में जानलेवा हमला, जालसाजी व सरकारी धन के गबन की रिपोर्ट दर्ज कराई है। प्रभारी थानाध्यक्ष मोतीगंज राकेश पाल ने बताया कि तहरीर पर आरोपी ठेकेदार सुशील सिंह के खिलाफ जालसाली, सरकारी धन का गबन व जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज की गई है।