गोंडा। क्षेत्र भ्रमण से लौट रही सपा नेत्री प्रतिभा सिंह ने मानवता को परिचय देतेे हुए मंगलवार की देर शाम सड़क पर घायल पड़े एक युवक को अपनी कार से न सिर्फ अस्पताल पहुंचाया बल्कि अस्पताल में रुककर उसका इलाज भी कराया। युवक के चैतन्य होने तक वह करीब आधे घंटे तक अस्पताल में ही रुकी रहीं। सपा नेत्री ने इस नेक कार्य की लोगों ने सराहना की है।
सपा नेत्री प्रतिभा सिंह ने बताया कि मंगलवार की देर शाम अपने क्षेत्र भ्रमण से गोंडा स्थित अपने आवास लौट रही थीं। इसी दौरान उन्हें गोंडा उतरौला मार्ग पर धानेपुर के बगुलही पुल के समीप बीच सड़क एक युवक पड़ा दिखाई दिया। उन्होंने तत्काल अपना वाहन रुकवाया और युवक के पास पहुंची।
युवक गंभीर रूप से घायल था और उसकी बाइक बगल में पड़ी थी। युवक की हालत को देखकर उन्होंने घायल युवक को अपनी कार में बैठाया और उसे लेकर इंदिरा नगर तिराहे पर स्थित एक निजी क्लीनिक में ले जाकर भर्ती कराया।
इलाज के करीब आधे घंटे बाद युवक को होश आया। इस दौरान प्रतिभा अपने समर्थकों संग वहीं क्लीनिक पर बैठी रहीं। होश में आने पर युवक ने बताया कि वह एक छुट्टा मवेशी की चपेट में आकर हादसे का शिकार हो गया था। होश में आने पर उसने प्रतिभा सिंह को धन्यवाद भी कहा। स्थानीय लोगों ने भी प्रतिभा के इस नेक कार्य की सराहना की है।