गोंडा। या देवी सर्व भूतेषु शक्ति रूपेण संस्थिता...जैसे मंत्रोच्चार एवं भक्ति गीतों व भजनों के बीच शनिवार को नवरात्र के पहले दिन मां शैलपुत्री की आराधना की गई। पूजन-अर्चना को लेकर भोर से तैयारी चल रही थी। महिलाओं ने कलश स्थापित कर मां की आराधना की। लोगों ने व्रत का भी अनुष्ठान किया। देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ सुबह से उमड़ पड़ी।
नवरात्र के पहले दिन श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के शैलपुत्री स्वरूप की पूजा अर्चना की। व्रतधारियों व श्रद्धालुओं ने मंदिरों में पहुंचकर मां की स्तुति की। घरों में दुर्गा सप्तशती व देवी चालीसा का पाठ किया गया। शहर के काली भवानी मंदिर, खैरा भवानी मंदिर, मंशा देवी मंदिर, संतोषी माता मंदिर, उमरीबेगमगंज स्थित वाराही देवी मंदिर सहित अन्य देवी मंदिरों में भक्तों ने पहुंचकर दर्शन-पूजन किया। खैरा भवानी मंदिर में दर्शन करने पहुंची पूजा का कहना था कि देवी मां में बहुत शक्ति है। श्रद्धालु नागेंद्र ने बताया कि पूजा-अर्चना से देवी मां प्रसन्न होती हैं।
देवी मां का लगा जयकारा
इटियाथोक(गोंडा)। देवी मां के जयकारों से शनिवार को मंदिर गूंज उठे। सुबह से ही मां के दर्शन करने के लिए मंदिरों में भक्तों की भीड़ जुटी। लोगों ने पूरी आस्था के साथ मां की पूजा अर्चना की। चैत्र नवरात्र के पहले दिन जहां मां शैलपुत्री की पूजा की गई। भक्तों ने भगवान की पूजा करके अपने नववर्ष की शुरुआत की। सुबह स्नान करने के बाद लोग मंदिर में पहुंच कर पूजा की। घर में आकर देवी माता की स्थापना की। नौ दिनों तक विधि विधान से घर में पूजा-अर्चना की जाएगी। अर्जुनपुर के कामिन देवी मंदिर ,मेहनौन के पटमेश्वरी मंदिर, बलहीजोत के सम्मय माता मंदिर सहित कई स्थानों पर सुबह से ही भक्तों की लंबी लाइनें लगी रही।
श्रीमद्देवी भागवत महापुराण का शुभारंभ
परसपुर(गोंडा)। चैत्र नवरात्र के अवसर पर जय मां गूंगी भवानी सेवा संस्थान राजपुर, परसपुर की ओर से दस दिवसीय संगीतमयी श्रीमद्देवी भागवत महापुराण का शुभारंभ किया गया जोकि 11 अप्रैल तक चलेगा। शनिवार को गाजे बाजे के साथ कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा में चेयरमैन प्रतिनिधि वासुदेव सिंह, रामकुमार सोनी, सभासद अंशू शुक्ला, मंगल विश्वकर्मा, संदीप कुमार सिंह, राजू गुप्ता आदि रहे।