दुकान बंद कर बेटे के साथ बाइक से घर जा रहे सराफा व्यापारी से बाइक सवार दो बदमाशों ने तमंचे से धमकाकर 70 हजार नकदी समेत 11 लाख के गहने लूट लिए और फरार हो गए। मामले में थाना इटियाथोक में बाइक सवार बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कोतवाली देहात क्षेत्र के कंधरा तेजी गांव के रहने वाले शेष नारायन सोनी ने बताया कि वह इटियाथोक थाना क्षेत्र के नरौरा भराररपुर में सराफा की दुकान चलाते हैं। शुक्रवार को देर शाम दुकान बंद करने के बाद बेटे दीपू के साथ बाइक से घर जा रहे थे।
रास्ते में नरौरा भराररपुर रेलवे क्रासिंग के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने रोक लिया और तमंचे से धमकाकर 70 हजार रूपया नकदी व लगभग 11 लाख रूपये की कीमत के आभूषणों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। शेष नारायण ने थाना इटियाथोक में बाइक सवार दो बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी है। थानाध्यक्ष करुणाकर पांडेय ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच की जा रही है।
पेट्रोल पंप पर आग का गोला बनी कार
पेट्रोल पंप से पेट्रोल भरवा कर रोड पर पहुंची कार में अचानक आग लग गई। पेट्रोल पंप से मात्र 20 मीटर की दूरी पर लगी आग से एक बड़ा हादसा होते होते बच गया। आग लगने से सड़क के किनारे कार धू धू करके जलने लगी। सूचना पाकर मौके पर फहुँचे दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत करके आग पर काबू पाया तब तक कार काफी हद तक जल चुकी थी। घटना ग्राम पचमढ़ी के पास भारत पेट्रोल पंप के सामने की है।
यहां तेल भरवाकर सड़क के किनारे पहुंची एक लग्जरी कार में अचानक आग लग गई। जिससे कार में सवार लोग बाहर निकलकर भागने लगे। देखते ही देखते कार धू धू करके जलने लगी। कुशल था कि कार पेट्रोल पंप से कुछ आगे बढ़ चुकी थी, नही तो बढ़ी घटना घट सकती थी।
सूचना पाकर मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने अथक प्रयास करके आग पर काबू पाया। तब तक कार काफी हद तक जल चुकी थी। भँभुआ पुलिस चौकी प्रभारी वेदप्रकाश शुक्ला ने बताया कि कार कहां से आ रही थी और कहा जा रही थी और उसमें कितने लोग सवार थे, इसका पता अभी नही चल सका है। उन्होंने बताया की कार लगभग जल चुकी है। कार में कोई नहीं था।