गोंडा। परसपुुर के मधईपुर कुर्मी गांव के मजरे छोटी रामबारी के रहने वाले सोनू चौहान की छह दिन पहले हुई हत्या का सोमवार को पुलिस व एसओजी ने खुलासा करके उसके ही एक दोस्त को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पूछताछ में कुबूला कि शराब के नशे में झगड़ा होने पर उसने ही गला दबाकर सोनू की हत्या की थी। पुलिस ने आरोपी को रिमांड मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया। जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
परसपुर थाना क्षेत्र के मधईपुर कुर्मी गांव के मजरे छोटी रामबारी निवासी पंडित चौहान के बेटे सोनू चौहान (22) का शव 10 मई की सुबह परसपुर गिर्द स्थित नहर पुलिया चारागाह के रास्ते पर पड़ा मिला था। गांव वालों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर सोनू की हत्या की पुष्टि हुई थी। पुलिस ने सोनू के पिता पंडित चौहान की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया था।
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्र ने हत्या के खुलासे के लिए परसपुर पुलिस के साथ ही एसओजी को लगाया। अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया कि तफ्तीश के दौरान मिले साक्ष्य के आधार पर पुलिस ने थाना उमरी बेगमगंज क्षेत्र के लिलोईकला निगाही पुरवा के रहने वाले स्वामीनाथ चौहान को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान स्वामीनाथ ने बताया कि 10 मई को वह सोनू से मिला था। दोनों ने एकसाथ बैठकर शराब पी थी। इसके बाद शराब के नशे में सोनू से कहासुनी हो गई थी। इस पर स्वामीनाथ गला दबाकर सोनू की हत्या करके भाग गया था।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सोनू के गांव में ही स्वामीनाथ की ससुराल है। वह अक्सर ससुराल जाता था। इसी के चलते स्वामीनाथ की सोनू से दोस्ती हो गई थी और दोनों साथ-साथ मजदूरी भी करते थे। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अभियुक्त स्वामीनाथ को रिमांड मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया। जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।