गोंडा। शहर में जगह जगह जलभराव और गंदगी से मोहल्लों में संक्रामक बीमारी फैलने की आशंका बढ़ गई है। मोहल्लों में अभी तक पानी की निकासी न होने से लोगों को घरों से निकलने में परेशानी हो रही है। बच्चे गंदे पानी से गुजरकर स्कूल जाने को मजबूर हैं। बड़गांव बरियारपुरवा के लोगों ने शुक्रवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंप जलनिकासी की व्यवस्था कराए जाने की मांग की।
नगर पालिका का बड़गांव, बरियारपुरवा, रानीजोत, बूढ़ादेवर समेत लगभग दर्जन भर मोहल्लों में जलभराव लोगों को तालाब के बीच सड़क होने का एहसास करा रहा है। गंदे पानी के बीच से गुजरने वाले लोगों के पैरों में बीमारी फैलने की आशंका बन गई है।
नगर पालिका में पिछले कई वर्षों से जलभराव की समस्या बनी हुई है। चेयरमैन जलभराव की समस्या का समाधान नहीं कर सके हैं। लाखों रुपये तालाबों की सफाई में बंदरबाट कर दिए जाते हैं।
लेकिन जल निकासी का समाधान नही हो पा रहा है। फिलहाल मोहल्लों में सड़कों पर भरे हुए पानी को देखकर लोग यह तक कह रहे हैं कि नगर पालिका को यहां पर मछली छोड़ देनी चाहिए, जिससे नगर पािलिका की आय में वृद्धि होगी।
जलभराव से सड़कें क्षतिग्रस्त हो रही हैं। अहम मुद्दा ये है कि नालियों का पानी कहां जाए इसकी कोई व्यवस्था नहीं है। शहर के मुख्य नालों को सीधा टेढ़ी नदी से जोड़ने की कवायद कागजों में दौड़ रही है। सीवर लाइन व्यवस्था न होना भी अहम समस्या है।
शहर में रेलवे स्टेशन के पास बूड़ादेवर, गरीबीपुरवा व न्यू इंद्रानगर कालोनी में महीनों से पानी भरा है। बड़गांव तथा बरियारपुरवा में लोगों के घरों के पास घुटनों तक पानी भरा है। जिला अस्पताल के पास स्वास्थ्यकर्मी आवास के सामने गंदे पानी का गड्ढा बन गया है।
पंतनगर मोहल्लों में बारिश में करीब 50 मीटर दूरी तक सड़क पर जलभराव रहता है। कई बाइक चालक इसकी चपेट में आकर चुटहिल हो चुके हैं। सिविल लाइंस के भुतहा तालाब के पास कॉलोनी में नाली का पानी सड़क पर भरा है। जलनिकासी व्यवस्था न होने से लोगों को पानी से होकर आवागमन करना पड़ता है। बारिश में यहां घुटनों तक पानी भर जाता है।
सिविल लाइंस के विष्णुपुरी कॉलोनी में जलनिकासी की व्यवस्था ध्वस्त है। नालियों व नालों की सफाई न होने से जलभराव रहता है। नालियों का पानी सड़क पर भर जाता है। हल्की सी बरसात में मुहल्ले की सड़कें डूब जाती हैं। नगर पालिका के 27 वार्डो का हाल यही है। पूरे शहर में जलनिकासी व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त है। इसके लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है।
बड़गांव बरियारपुरवा मोहल्ले के लोगों ने शुक्रवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर जलनिकासी की व्यवस्था की मांग की। डीएम को दिए प्रार्थना पत्र में बताया गया कि मोहल्ले में लोगों के घरों व रास्तों में महीनों से पानी भरा है। बच्चों को पानी से गुजरकर स्कूल जाना पड़ता है। जलजमाव से मच्छरों का प्रकोप बढ़ने के साथ ही महामारी फैलने का खतरा बना रहता है। ज्ञापन देने वालों में कमलेश कुमार वर्मा, संदीप सोनी, राजकिशोर, दिनेश, कृपाराम, रोहित आदि उपस्थित रहे।