गोंडा। माध्यमिक शिक्षा विभाग ने इंटर कॉलेजों को अपनी सूचनाएं वेबसाइट पर अपलोड करने के निर्देश दिए हैं। वेबसाइट पर स्कूलों में मौजूद संसाधनों के साथ ही हर कक्षा का हाल और बच्चों के स्थिति का ब्योरा मौजूद रहेगा। वहीं यूपी बोर्ड की वेबसाइट पर ही कॉलेज का वेब-पेज बनने से बोर्ड को कॉलेज की सभी जानकारी मिलती रहेगी। इसके लिए बोर्ड ने एक सप्ताह के भीतर काम पूरा कराने के निर्देश दिए हैं।
जिले के राजकीय, सहायता प्राप्त और वित्तविहीन माध्यमिक स्कूलों का लेखा-जोखा अब यूपी बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड होगा। सूचनाओं से संबंधित वेब-पेज बोर्ड की वेबसाइट 222. ह्वश्चद्वह्यश्च. द्गस्रह्व. द्बठ्ठ पर तैयार कराया जा रहा है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने प्रधानाचार्यों को स्कूल की फोटो, महत्वपूर्ण उपलब्धियां बोर्ड की वेबसाइट पर 25 मई तक अपलोड करवाने के निर्देश दिए हैं। वेब-पेज तैयार होने से अब कॉलेजों का ऑनलाइन सत्यापन भी हो सकेगा। इससे बार-बार सूचनाएं लेने की जरूरत भी खत्म होगी जिससे बोर्ड परीक्षा के समय या फिर किसी तरह का रिपोर्ट कार्ड तैयार करने में दिक्कत नहीं होगी।
डीआईओएस राकेश कुमार ने बताया कि सभी कॉलेजों को वेबसाइट पर पूरी सूचनाएं देनी हैं। इसके लिए बोर्ड की वेबसाइट पर पेज तैयार कर सूचनाएं देने के निर्देश दिए गए हैं।