कोतवाली देहात क्षेत्र के मूड़ाडीहा गांव में सोमवार को मतदान के बाद एसयूवी सवार दो दर्जन युवकों ने गंाव के एक व्यक्ति को दौडा लिया और पकड़कर उसे जमकर पीटा। लोगों को डराने के उद्देश्य से इन युवकों ने फायरिंग भी की।
इस घटना से मूड़ाडीहा व आसपास के गांवों में दहशत फैल गई। जब तक पुलिस मौके पर पहुंचती युवक अपने वाहनों समेत भाग खड़े हुए। कोतवाली देहात क्षेत्र के मूड़ाडीहा गांव के रहने वाले महाजन वर्मा के मुताबिक चुनाव में उसने शिवसेना प्रत्याशी का समर्थन किया था।
इसी के लेकर दूसरे दल के लोग उससे नाराज थे। सोमवार को मतदान खत्म होने के बाद जब वह पोलिंग बूथ से लौट रहा था तभी गांव के बाहर करीब 8 एसयूवी वाहनों मेें सवार करीब दो दर्जन युवक आ धमके।
जब तक वह कुछ समझ पाता लोगों ने उसे पीटना शुरू कर दिया। इसकी सूचना मिलने पर जब गांव के लोग दौड़े तो तो हमलावर फायरिंग करते हुए अपने वाहनों समेत भाग निकले। सूचना पर जब पुलिस मौके पर पंहुची तब तक एसयूवी सवार युवक जा चुके थे। वहीं दूसरी तरफ इसी थाना क्षेत्र के सालपुर बाजार में एसयूवी सवार युवकों ने विशुनपुर बैरिया गांव के रहने वाले केशव यादव को जमकर पीटा।
इसमेें केशव गंभीर रूप से घायल हो गया। इस संबंध में कोतवाली देहात के प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार सिंह ने मारपीट की पुष्टि करते हुए बताया कि अभी तहरीर नही मिली है। तहरीर मिलेगी तो रिपोर्ट दर्ज की जायेगी।