खरगूपुर-इकौना मार्ग पर कुआंना नदी के बलुहा पुल के पास मंगलवार सुबह बाइक सवार लुटेरों ने सराफा व्यवसायी भाइयों को पिस्टल से धमकाकर 30 हजार रुपये व आठ लाख के जेवर लूट लिए। इस मामले में सराफा व्यवसायी ने खरगूपुर थाने में बाइक सवार लुटेरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
खरगूपुर कस्बे के पूरे हरवाहन मोहल्ले के रहने वाले सोनू ने बताया कि वह अपने भाई शिवम के साथ श्रावस्ती जनपद के इकौना थाना क्षेत्र के वीरपुर बाजार में सराफा की दुकान चलाता है। सोनू के मुताबिक वह दोनों मंगलवार सुबह बाइक से दुकान के लिए निकले थे।
तभी खरगूपुर-इकौना मार्ग पर कुआंना नदी के बलुहा पुल के पास बाइक सवार तीन लुटेरों ने उन्हें रोक लिया और पिस्टल सें धमकाकर 30 हजार रुपये व सोने-चांदी के जेवरात से भरा बैग लूट लिया। सोनू ने बताया कि लूटे गए जेवरात की कीमत आठ लाख रुपये है।
घटना की सूचना पर थाना खरगूपुर व इकौना की पुलिस मौके पर पहुंची, मगर घटनास्थल एक दूसरे क्षेत्र का बताकर पल्ला झाड़ लिया। लूट की सूचना पर देर शाम पहुंचे सीओ सदर अखंडप्रताप सिंह ने छानबीन की तो पता चला कि घटनास्थल खरगूपुर है।
इसके बाद सोनू की तहरीर पर खरगूपुर थाने में बाइक सावर तीन लुटेरों के खिलाफ लूट की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। सीओ अखंड प्रताप सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। लुटेरों की तलाश के लिए पुलिस टीम लगाई गई है।