दो वर्षीय मासूम की तालाब में डूबकर मौत
कटरा बाजार गोंडा। कटरा बाजार थाना क्षेत्र के बनगांव के मजरा छत्तरपुरवा में बुधवार को एक दो वर्षीय मासूम बालिका की तालाब में डूबकर मौत हो गई। मासूम की मौत से गांव में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
छत्तरपुरवा गांव के रहने वाले रामदयाल के मुताबिक उसकी दो साल की बेटी रिंकी बुधवार को घर से कुछ दूर पर स्थित तालाब के समीप गांव के बच्चों के साथ खेल रही थी। खेलते खेलते वह तालाब की तरफ चली गई और फिसलकर पानी में जा गिरी।
रिंकी को डूबता देख बच्चों ने शोर मचाया तो आसपास के लोग दौड़े मगर रिंकी को बचाया नही जा सका और उसकी पानी में डूबकर मौत हो गई। सूचना पर गांव पहुंचे कटरा थाने के उपनिरीक्षक डीके उपाध्याय ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मासूम की मौत के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया है।