वाणिज्य कर टीम ने टैक्स चोरी में जा रही एक ट्रक चीनी पकड़ी
गोंडा। वाणिज्य कर विभाग की टीम ने टैक्स चोरी में जा रही एक ट्रक चीनी पकड़ी है। गोरखपुर की सिद्ध विनायक फर्म की ओर से लखीमपुर चीनी मिल से बिहार की स्थित ब्रिटानिया कंपनी को चीनी भेजी गई थी। वाणिज्य कर की मोबाइल टीम ने फर्म से 93 हजार 332 रुपये टैक्स व जुर्माना वसूल किया है।
वाणिज्य कर विभाग के मोबाइल टीम प्रभारी असिस्टेंट कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने बताया कि विभाग के ज्वाइंट कमिश्नर विशेष अनुसंधान शाखा डीपी साहू के निर्देश में वाहन चेकिंग के दौरान टैक्स चोरी में माल पकड़ा गया।
उन्होंने बताया कि रविवार की रात में गोंडा बहराइच रोड पर मिश्रौलिया रेलवे क्रॉसिंग के पास एक ट्रक चीनी पकड़ी गई जिसकी कीमत नौ लाख 73 हजार 234 रुपये है। प्रपत्रों की जांच में अभिलेखों की कमी से वाहन से चीनी टैक्स चोरी में लेकर जाया जा रहा था।
इस चीनी को गोरखपुर की सिद्ध विनायक एसोसिएट्स की ओर से लखीमपुर सहकारी चीनी मिल से सीधे बिहार स्थित ब्रिटानिया कंपनी को चीनी की सप्लाई की गई थी। वाणिज्य कर की मोबाइल टीम ने गोरखपुर की सिद्ध विनायक एसोसिएट्स से कुल चीनी पर 93 हजार 332 रुपये टैक्स व जुर्माने की कार्रवाई की गई। इस बावत मोबाइल टीम प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि टैक्स व जुर्माने की रकम जमा करने पर माल को फर्म को अवमुक्त कर दिया गया है।