एसआईबी ने होटल, शादी घर और गेस्ट हाउसों में की छापेमारी
गोंडा। वाणिज्य कर विभाग की स्पेशल इन्वेस्टीगेशन ब्यूरो (एसआईबी)ने टैक्स चोरी में चलने संचालित होटल, शादी घर, गेस्ट हाउस, लॉज में अभियान चला कर छापेमारी की। टीम को गोंडा में दो व बहराइच में तीन मैरेज हाल अपंजीकृत पाए गए। इन फर्मों को बुकिंग व अन्य प्रपत्रों को प्रस्तुत को नोटिस जारी की है।
वाणिज्य कर विभाग के ज्वाइंट कमिश्नर एसआईबी डीपी साहू ने बताया कि सरकारी राजस्व को पूरा करने व टैक्स चोरी रोकने के लिए शासन के निर्देश पर अभियान चलाया जा रहा है। इस बार होटल, शादी घर, गेस्ट हाउस, लॉज आदि पर फोकस है।
छापेमारी में इस तरह के कारोबारी फर्मों के पंजीयन व टैक्स रिटर्न दाखिल करने की जांच की गई। जांच में गोंडा के मैरेज हॉल रायल पैराडाइज व राजा मैरेज हाल अपंजीकृत पाया गया। इन फर्म संचालकों से बुकिंग आदि का ब्यौरा व जरूरी अभिलेख तलब किये गये हैं।
जबकि ड्रीम पैलेस,जेपी पैलेस,एमके मैरेज हाल पंजीकृत पाये गये। लेकिन इन फर्मों को रिटर्न दाखिल करने के निर्देश दिये गये। इसी तरह से बहराइच में पांच बैंक्विट लॉन पर छापा मारा । जिसमें से राधा कृष्णा होटल, स्नेह उत्सव पैलेस,लेजर होटल एंड रिसॉर्ट व बंधन गेस्ट हाउस पंजीकृत मिला उन्हें रिटर्न दाखिल करने का निर्देश दिया गया।
जबकि छापेमारी में मैरेज लॉन/बैंक्विट हाल विनायक रिसार्ट अपंजीकृत पाया गया। इस फर्म संचालक से जरूरी प्रपत्र के अलावा बुकिंग का ब्यौरा उपलब्ध करने का निर्देश दिया गया है। ज्वाइंट कमिश्नर एसआईबी डीपी साहू ने बताया कि अपंजीकृत फर्मों की जांच कर कार्रवाई की जाएगी जबकि पंजीकृत फर्मों रिटर्न दाखिल किये जाने का ब्यौरा खंगाला जाएगा।