गोंडा। विधानसभा चुनाव को शांतिपूर्ण निपटाने के लिए मतदान से पहले पुलिस ने अपराधियों को रेडकार्ड नोटिस जारी किया है। गुरुवार की सुबह रेडकार्ड नोटिस का तामीला कराने गए दो सिपाहियों को एक हिस्ट्रीशीटर और उसके साथियों ने दौड़ा लिया। सिपाहियों से अभद्रता कर एक सिपाही का मोबाइल फोन छीन लिया। हालांकि, बाद में मोबाइल फोन को फेंक दिया। सूचना पर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची तो हिस्ट्रीशीटर व उसके साथी फरार हो चुके थे। सीओ का कहना है कि घटना की जानकारी मिली है। इस मामले में एफआईआर दर्ज कराई जा रही है।
थाना इटियाथोक के मुख्य आरक्षी रत्नेश पांडेय व आरक्षी बालेश्वर यादव बताया कि वह दोनों गुरूवार की सुबह थाना इटियाथोक के हिस्ट्रीशीटर अमर सिंह निवासी तिर्रेमनोरमा को थाने से जारी रेडकार्ड नोटिस का तामीला कराने गए थे। मुख्य आरक्षी रत्नेश के मुताबिक, वह दोनों तिर्रेमनोरमा मार्ग पर पहुंचे थे, तभी हिस्ट्रीशीटर अमर सिंह अपने साथियों के संग मिल गया। जब उन्हें नोटिस दी गई तो वह और साथी अभद्रता करने लगे। आरक्षी बालेश्वर यादव का मोबाइल फोन छीन लिया। नोकझोंक के दौरान हिस्ट्रीशीटर और उसके साथियों ने दोनों पुलिसकर्मियों को दौड़ा लिया और छीना मोबाइल फोन फेंककर फरार हो गए। दोनों पुलिसकर्मियों की सूचना पर थाने से पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। मगर तब तक सभी फरार हो चुके थे। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्रा ने बताया कि सिपाहियों के साथ हुई घटना की जानकारी मिली है, मामले में हिस्ट्रीशीटर के खिलाफ थाना इटियाथोक में केस दर्ज कराया जा रहा है। चुनाव के दौरान गड़बड़ी करने वाले किसी को बख्शा नहीं जाएगा।