करनैलगंज(गोंडा)। सोनवार गांव के मजरे गड़रियन पुरवा के एक तालाब में बुधवार को एक किशोरी का शव मिला। बारिश से तालाब के पास के खेतों में अधिक पानी भरा होने के कारण शव को पोस्टमार्टम के लिए ठेलिया से भेजा जाने लगा। जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे सीओ ने ठेलिया से शव उतरवाकर एंबुलेंस से पोस्टमार्टम को भिजवाया।
कोतवाली करनैलगंज क्षेत्र के ग्राम कमालपुर निवासी पृथ्वीपाल की पुत्री कुसुम (17) अपनी मां के साथ मौसी बिट्टू देवी के यहां इसी कोतवाली क्षेत्र के सोनवार गांव के मजरे गडरियन पुरवा आई थी। मंगलवार की रात वह बिना बताये किसी कार्य से बाहर निकली और पास के तालाब के पास पहुंच गई। जिसमें डूबकर उसकी मौत हो गई। बिस्तर पर कुसुम के न मिलने से परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की, मगर कहीं पता नहीं चला।
बुधवार की सुबह उसका शव तालाब में उतराता दिखाई पड़ा। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को तालाब से बाहर निकलवाया। पुलिस ने युवती के साथ किसी प्रकार की कोई घटना होने की आशंका पर फॉरेंसिक व डॉग स्क्वायड टीम को भी मौके पर बुलाकर मामले की जांच की। खेतों में अधिक पानी भरा होने के कारण मौके तक कोई वाहन नहीं पहुंच सका। इसलिए शव को ठेलिया से भेजा जाने लगा।
ठेलिया पर शव भेजने की सूचना पर मौके पर पहुंचे सीओ करनैलगंज मुन्ना उपाध्याय ने एम्बुलेंस बुलवाकर शव उससे पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। कोतवाल प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया गया है। सीओ मुन्ना उपाध्याय ने बताया कि ग्रामीण व मृतका के परिजन शव को ठेलिया पर लेकर जा रहे थे। जिसपर पुलिस ने एंबुलेंस बुलाकर एंबुलेंस से शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।