गोंडा। डीएम मार्कंडेय शाही की अध्यक्षता में बुधवार को विकास कार्यक्रमों की मासिक समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। बैठक में डीएम ने लापरवाह अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं के खिलाफ कड़ा एक्शन लिया है। उन्होंने ऐसी संस्थाओं पर केस दर्ज कर ब्लैक लिस्ट करने की बात कही। बैठक में विभिन्न जनकल्याणकारी व विकास कार्यक्रमों सहित स्वास्थ्य, शिक्षा, खाद्य एवं रसद, विद्युत आदि अन्य विभागों की योजनाओं की गहन समीक्षा की।
समीक्षा बैठक में डीएम ने कार्यदायी संस्था आरईडी द्वारा हेल्थ एवं वेलनेस सेंटरों का निर्माण कार्य पूर्ण न कराने तथा कार्य संतोषजनक न मिलने पर ब्लैक लिस्ट करने व ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने, राजकीय निर्माण निगम द्वारा स्वास्थ्य विभाग की कई परियोजनाएं धन मिल जाने के बावजूद अभी तक पूर्ण न किए जाने पर परियोजना प्रबंधक के खिलाफ कार्यवाही के लिए एमडी को पत्र लिखने, नहरों का पानी टेल तक न पहुंचने पर एक्सईएन नहर को विशेष प्रतिकूल प्रविष्टि देने, श्रमिकों का गोल्डन कार्ड न बनाने पर सीएमओ तथा श्रम विभाग के अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने व बैठक का सही डाटा प्रस्तुत न करने पर जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी सहित उनकी पूरी टीम के खिलाफ कार्यवाही के आदेश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि सरकार की योजनाओं को पलीता लगाने वाली कार्यशैली कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं को सुधार के लिए उन्होंने 31 अगस्त तक का समय दिया है। निर्माण कार्यों की समीक्षा में 50 लाख से अधिक की लागत से सड़क परियोजनाओं में लोक निर्माण विभाग खंड-1 के स्तर पर 15, लोक निर्माण विभाग खण्ड-2 के स्तर पर 26, आरईडी के स्तर पर 1 तथा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत कार्य की शुरुआत न होने पर डीएम ने सख्त नाराजगी व्यक्त की है।
बैठक में गन्ना विभाग की समीक्षा में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि बजाज चीनी मिल कुन्दरखी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराते हुए आरसी जारी करने के लिए आयुक्त गन्ना का पत्र लिख जाए। विभिन्न पोर्टलों पर लंबित आवेदनों की समीक्षा में निर्देश दिए कि लंबित सभी आवेदनों को एक सप्ताह में निस्तारित किया जाए। उद्योग विभाग की समीक्षा में डीएम ने निर्देश दिए कि लक्ष्य के सापेक्ष आवेदन प्राप्त कर बैंकों से समन्वय बनाकर लाभार्थियों को उद्यम स्थापन हेतु ऋण उपलब्ध कराया जाए।
सीडीओ शशांक त्रिपाठी, नगर मजिस्ट्रेट वंदना त्रिवेदी, सीएमओ डॉ. आरएस केसरी, डीएफओ आरके त्रिपाठी, डीपीओ मनोज कुमार, डीडीओ दिनकर विद्यार्थी, जिला कृषि अधिकारी जेपी यादव, डीपीआरओ सभाजीत पाण्डेय, एक्सईएन-विद्युत, पीडीब्लूडी व जल निगम, जिला प्रोबेशन अधिकारी संतोष सोनी, जिला उद्यान अधिकारी मृत्युन्जय कुमार सिंह, पीओ डूडा विनोद सिंह सहित अन्य विभागों के अधिकारी तथा कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी उपस्थित रहे।