गोंडा। मंगलवार को मेगा कैंप में 4500 लोगों के टीकाकरण के बाद वैक्सीन खत्म हो गई। बुधवार को सीएचसी समेत सभी केंद्रों पर वैक्सीन लगवाने के लिए लोगों ने सुबह से लाइन लगाना शुरू कर दिया। सुबह दस बजे डॉक्टरों द्वारा वैक्सीन न होने की सूचना दी गई तो लोग मायूस होकर लौट गए।
मंगलवार को सीएचसी बेलसर समेत डिक्सिर, माधवपुर, दुर्जनपुर पांडेय, बेलसर डीहा, बरौली, पकड़ी, अमदही, सोनौली मुहम्मदपुर, महादेवा , पकवान गांव, नगदही, हरखापुर, इंदरबली पुरवा, केंद्रों पर टीकाकरण किया गया था।
बुधवार को सभी केंद्रों पर टीकाकरण का कार्य बंद रहा। लोगों ने सुबह से कतार में खड़े हो गए थे। लेकिन दस बजे डॉक्टरों द्वारा वैक्सीन न मिलने की सूचना देकर वापस जाने के लिए कहा गया।
वैक्सीन खत्म होने की सूचना पर लोगों को मायूस होकर वापस घर जाना पड़ा। तमाम लोगों ने सूचना के बाद भी वैक्सीन आने की प्रतीक्षा में काफी देर तक लाइन लगाए रखा। सीएचसी पर तैनात नोडल अधिकारी आशीष तिवारी ने बताया कि यदि बुधवार को वैक्सीन मिल जाएगी तो गुरुवार को टीकाकरण किया जाएगा।
बताया कि यदि वैक्सीन अधिक मात्रा मिलेगी तो पीएचसी माधवपुर, पकड़ी, सोनौली मुहम्मदपुर में टीकाकरण होगा। कम वैक्सीन मिलने पर केवल सीएचसी पर होगा। कहा कि मेगा कैंप में जहां जहां टीका करण हुआ था, वहां पर केवल एक दिवस की व्यवस्था थी। वहां पर लोग अनायास लाइन न लगाएं।