गोंडा। सरकारी राशन की कालाबाजारी की घटना थमने का नाम नहीं ले रही हैं। मंगलवार की शाम को एसडीएम ने अशोकपुर पंडित पुरवा गांव में छापा मारकर 13 बोरी सरकारी राशन व 64 खाली बोरियों को पकड़ा। मामले में एसडीएम करनैलगंज के नेतृत्व मे पूर्ति निरीक्षक दिनेश वर्मा ने थाने में एफआईआर दर्ज करायी।
उप जिलाधिकारी करनैलगंज हीरालाल यादव ने बताया कि थाना कटरा बाजार क्षेत्र के अशोकपुर गांव में पंडित पुरवा के बगल एक किराये के मकान में सरकारी राशन की चोरी कर उसे बेचा जा रहा है जिसका एक रैकेट चल रहा है सूचना मिलने पर उन्होंने संबंधित मकान जहां राशन रखा होने की सूचना मिली थी।
उसका ताला तुड़वाया जिसमें 13 बोरी सरकारी राशन व 64 खाली बोरियां भी मिलीं। जिस पर वही मार्का छपा हुआ था जो सिली और भरी बोरियों पर लगा हुआ था। एसडीएम ने बताया कि पूर्ति निरीक्षक दिनेश वर्मा को मौके पर बुलाया गया, जांच पड़ताल कराई गई।
जिससे यह पता चला कि यह किसी कोटेदार के माध्यम से राशन नहीं पहुंचा बल्कि जिले के गोदाम से ब्लॉक के गोदामों तक माल पहुंचाने वाले ट्रक चालकों द्वारा राशन उतारने का कार्य किया जाता है।
मामले की जांच रिपोर्ट तैयार कर संबंधित के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया। पूर्ति निरीक्षक दिनेश वर्मा ने बताया कि अशोक पुर गांव के पंडित पुरवा के पास एक किराये की दुकान में आपसी मिली भगत से सरकारी राशन का कालाबाजारी करने वाले किराएदार व दुकान मालिक के विरुद्ध कटरा थाने में आवश्यक वस्तु अधिनियम 3/ 7 के तहत मुकदमा पंजीकृत करा दिया गया है।